Tuesday, June 30, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : बेखौफ बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर पांच लाख...

UP News : बेखौफ बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर पांच लाख लूटे, गार्ड को उतारा मौत के घाट

जौनपुर (हि.स.)। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर स्थित बक्शा थाना क्षेत्र के धनियामऊ बाजार में बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर पांच लाख रूपये लूटकर फरार हो गये। बदमाशों की गोली से एक सुरक्षा कर्मी की मौत हो गयी है।

बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम उस समय दिया जब बैंक कर्मी एटीएम में पैसा डालने जा रहे थे। सूचना मिलते ही भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल कर रही है। लेकिन अभी तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस अभी चुप्पी साधे हुए है।

धनियामऊ बाजार में इंडिया वन का एटीएम है। यहां सोमवार दोपहर करीब तीन बजे कैश वैन के साथ कर्मचारी रुपये भरने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कर्मचारी वैन से कैश लेकर एटीएम रूम में दाखिल हुए, तभी एक बाइक पर तीन की संख्या में नकाबपोश बदमाश पहुंचे और गोली चलाने लगे। माना जा रहा है कि बदमाश कैश लूटने की नीयत से आए थे। कैश वैन के साथ चल रहे गार्ड ने साहस दिखाते हुए बदमाशों पर गोली चला दी। इसके बाद बदमाशों ने गार्ड राम अवध चौबे निवासी गुंतवन को गोली मार दी और फायरिंग करते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल गार्ड को आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बक्शा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लूट की जानकारी मिलते ही मौके पर कई आला अधिकारी पहुंच गए और घटना की जांच में पुलिस जुट गई है।

साथ में दूसरे गार्ड ने पूरे घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बैग में पांच लाख कैश लूटा गया है। इस मामले में अभी पुलिस के कोई आला अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।

RELATED ARTICLES

Most Popular