Thursday, July 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : किसानों के ट्रैक्टर स्टार्ट होते ही प्रशासन ने शुरू...

UP News : किसानों के ट्रैक्टर स्टार्ट होते ही प्रशासन ने शुरू कराई धान की तौल

बाराबंकी (हि.स.)। पिछले चार दिनों से किसानों के साथ चले आ रहे नाटकीय घटनाक्रम का आज उस समय पटाक्षेप हो गया जब किसानों के धान भरे ट्रैक्टर मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने के लिए स्टार्ट हो गए। जैसे ही ट्रैक्टर स्टार्ट हुए वैसे ही तीन दिनों से कांटा चलाने की हीलाहवाली कर जिला प्रशासन हरकत में आ गया और कांटे चालू कराने का फरमान सुना दिया। किसान नेता ने जिला प्रशासन पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा कि इनकी व्यापारियों से मिलीभगत है और इनका करोड़ो रुपयों का नुकसान हो रहा था, इसीलिए कांटे चालू कराने में देरी कर रहे थे ।

प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के प्रान्तीय प्रभारी आशु चौधरी ने बताया कि प्रशासन इसलिए कांटे चालू करने में देरी कर रहा था क्योंकि उसका करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा था। यह लोग व्यापारियों से सांठगांठ करके करोड़ों रुपये दबा लेते हैं। हमारे ट्रैक्टर जैसे ही मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने के लिए स्टार्ट हुए वैसे ही कांटे चालू कर दिए गए। आशु चौधरी ने कहा कि उनके पैर अंगद की तरह हैं। इसे प्रशासन हिला नहीं पायेगा, उनके धान की खरीद होने के बाद ही वह अपना प्रदर्शन खत्म करेंगे।  

RELATED ARTICLES

Most Popular