-भागीदारी संकल्प मोर्चा 403 विधानसभा सीटों पर लड़ेगा चुनाव : ओपी राजभर
आजमगढ़ (हि.स.)। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर मंगलवार को आजमगढ़ जिले के माहुल कस्बे में एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के आवास पर पहुंचे। इस दौरान ओवैसी और राजभर का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। खासकर ओवैसी की एक झलक पाने के लिए लोग काफी उत्सुक देखे गये।
इस दौरान एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पूर्वांचल के लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भागीदारी संकल्प मोर्चा शानदार प्रदर्शन करेगा। उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल से अभी यह शुरूआत हुई और आने वाले समय में वह पूरे प्रदेश में घूमेंगें। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण सभाएं नहीं हो पा रही लेकिन उम्मीद है कि कोरोना की वैक्सीन एक-दो माह में अधिकांश लोगों को लग जायेगी। जिसके बाद जनसभाएं करने का मौका मिलेगा। हम जनसभाएं भी करेगें। वोटकटवा के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिसको भी चुनाव में हार का डर रहता है वह उनपर इल्जाम लगाने लगता है।
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि छोटे-छोटे दलों के 9 लोगों भागीदारी संकल्प मोर्चा बनाया गया है। हम लोगों ने लीडर इकठ्ठा किया, जबकि भाजपा ने लोडर इकठ्ठा कर वोट लिया लेकिन जब हिस्सेदारी देने की बात आयी तो वे मुकर गये।
राजभर ने कहा कि लेकिन अब लीडर इकठ्ठा हो गये है और भागीदारी संकल्प मोर्चा प्रदेश में सरकार बनाकर समाज को समाज शिक्षा, निःशुल्क शिक्षा स्नातक तक मुफ्त देगी। यही नहीं गरीबों को स्वास्थ्य और घरेलू बिजली भी मुफ्त दी जायेगी। उन्होने कहा कि भागीदारी सकल्प मोर्चा में शामिल पार्टियां प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और वर्ष 2022 में प्रदेश में सरकार बनाएंगे।
