Saturday, December 13, 2025
Homeउत्तर प्रदेशपुलिस भर्ती : बेरोजगारों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी

पुलिस भर्ती : बेरोजगारों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी

दारोगा भर्ती में मिलेगी बड़ी राहत, मिलेगी अधिकतम उम्र सीमा में छूट

मुख्यमंत्री के पुलिस भर्ती को लेकर लिए गए इस निर्णय से युवकों में खुशी की लहर

प्रादेशिक डेस्क

लखनऊ। पुलिस भर्ती प्रक्रिया में राज्य सरकार ने ऐसा बदलाव किया है, जिसे लाखों अभ्यर्थी वर्षों से मांगते आ रहे थे। पुलिस भर्ती में आयु सीमा को लेकर जो सबसे बड़ा अवरोध था, अब उसे हटाकर प्रदेश सरकार ने अभ्यर्थियों के लिए संभावनाओं का नया रास्ता खोल दिया है। सरकार ने उप निरीक्षक नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए तीन वर्षों की विशेष आयु छूट देने का फैसला किया है।

यह फैसला अभ्यर्थियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, क्योंकि कई बार प्रयास करने के बावजूद वे आयु सीमा में फंस जाते थे। गृह विभाग की ओर से यह आदेश जारी कर दिया गया है। सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि यह छूट सिर्फ एक बार दी जा रही है और भविष्य में इसका कोई उदाहरण नहीं माना जाएगा।

पुलिस भर्ती में पहले भी मिली थी छूट
यह पहली बार नहीं है जब सरकार ने इस दिशा में कदम बढ़ाया है। इससे पहले दिसंबर 2023 में सिपाही भर्ती में भी तीन साल की आयु छूट दी गई थी। लेकिन अब यह छूट उप निरीक्षक (एसआई) स्तर के पदों के लिए दी गई है, जो पदोन्नति और जिम्मेदारी के लिहाज से कहीं अधिक महत्वपूर्ण माने जाते हैं। 2020-21 से 2024-25 तक की चयन वर्ष की अवधि में पुलिस विभाग में कुल 4543 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया प्रस्तावित है। इन्हीं पदों पर पुलिस भर्ती की विशेष आयु सीमा छूट लागू होगी।

यह भी पढ़ें: डीपफेक से संसद में सनसनी! महिला सांसद ने दिखाई अपनी ’Nude Photo’

कोविड के कारण रुकी भर्ती प्रक्रिया ने खड़ी की थी बाधा
कोरोना महामारी और प्रशासनिक विलंब के कारण बीते पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में भर्ती प्रक्रिया लगभग ठप रही। इसका परिणाम यह हुआ कि हजारों योग्य और शिक्षित युवा, आयु सीमा पार होने के कारण पुलिस भर्ती से बाहर हो गए। इस स्थिति को देखते हुए अभ्यर्थी लगातार आंदोलनरत थे और विपक्षी दल भी इस मुद्दे को उठा रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस विषय की गंभीरता को समझते हुए पहले सिपाही भर्ती में और अब उप निरीक्षक भर्ती में भी विशेष छूट प्रदान की है। यह निर्णय सरकार की युवा हितैषी नीति को दर्शाता है।

पुलिस भर्ती में उम्र सीमा पर तीन साल की छूट
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती में अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, तीन साल की आयु छूट का ऐलान

अग्निवीरों को भी मिला 20 प्रतिशत आरक्षण
यही नहीं, कैबिनेट की हालिया बैठक में अग्निवीरों को लेकर भी ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। अब पुलिस भर्ती में सिपाही, पीएएसी, घुड़सवार और फायरमैन की सीधी भर्ती में 20 प्रतिशत पद अग्निवीरों के लिए आरक्षित होंगे। साथ ही, सेवा अवधि को आयु में समायोजित करते हुए तीन वर्ष की अतिरिक्त छूट भी प्रदान की जाएगी।
यह कदम देश की सेवा कर लौटे युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है। इससे न केवल सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त युवा पुलिस में शामिल होंगे, बल्कि बल की कार्यक्षमता और अनुशासन में भी बढ़ोत्तरी होगी।

यह भी पढ़ें: Gonda News : दो सड़क हादसों में मां-बेटे समेत 5 की मौत

पुलिस भर्ती में बढ़ेगी प्रतियोगिता
इस छूट के बाद पुलिस भर्ती में प्रतिस्पर्धा के तीव्र होने की पूरी संभावना है। जब सिपाही भर्ती में तीन वर्ष की आयु छूट दी गई थी, तो अनुमानित 25 लाख की जगह 48 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे। उसी तरह अब एसआई स्तर की भर्ती में भी आवेदन संख्या में अभूतपूर्व इजाफा देखने को मिल सकता है। अभ्यर्थियों में इस खबर को लेकर जबरदस्त उत्साह है और सोशल मीडिया पर इसे लेकर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कोचिंग सेंटरों से लेकर परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं तक, हर कोई इस छूट को एक ’लाइफलाइन’ मान रहा है।

पुलिस भर्ती में यह राहत लाखों युवाओं की उम्मीद बनेगी
यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि पुलिस भर्ती में आयु सीमा की यह छूट, केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं बल्कि लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य की नई आशा है। ऐसे हजारों उम्मीदवार हैं जो केवल उम्र की एक छोटी-सी रेखा के कारण अपने सपने पूरे नहीं कर पा रहे थे। अब उनके पास अंतिम मौका है, और वे इसे हर हाल में आजमाना चाहेंगे। इस छूट का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थियों को जल्द ही जारी होने वाले विज्ञापन पर नजर रखनी होगी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा इसका विस्तृत विज्ञापन शीघ्र ही जारी किया जाएगा।

तांत्रिक कांड की शिकार नवविवाहिता की प्रतीकात्मक तस्वीर

यह भी पढ़ें: हिला देने वाले तांत्रिक कांड से दहला बरेली!

पोर्टल की अन्य खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें : www.hindustandailynews.com

हमारे वाट्सऐप चैनल https://whatsapp.com/channel/0029Va6DQ9f9WtC8VXkoHh3h को फालो करें!

कलमकारों से: पोर्टल पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी, प्रधान संपादक मोबाइल- 9452137310 E-Mail : hindustandailynews1@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular