जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के नवागत मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार ने कहा है कि वह शासन द्वारा संचालित विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने लिए हर संभव कोशिश करेंगे। वह कार्यभार ग्रहण करने के उपरान्त मंगलवार को विकास भवन सभागार में पत्रकारों से रूबरू थे।
उन्होंने कहा कि जिले के अधिकारियों की टीम के साथ वह विकास कार्यों को गति देने की कोशिश करेंगे। सीडीओ ने बताया कि मीडिया से उनका हमेशा संवाद कायम रहेगा। विभागीय वॉट्स एप्प ग्रुप के माध्यम से सूचनाओं का आदान प्रदान किया जाता रहेगा। सीडीओ ने कहा कि आज ही उन्होंने हलधर मऊ विकास खंड के एक गांव का निरीक्षण किया है। वहां एक लापरवाह स्वयं सहायता समूह के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि शासन की प्रार्थमिकताओं के अलावा प्राथमिक शिक्षा को उच्च शिखर पर ले जाने की कोशिश होगी। हमारी कोशिश होगी कि स्कूलों का विद्यालय भवन ही सुंदर न बने, बल्कि वहां स्मार्ट क्लास भी संचालित किए जाएं। इसके लिए जिले में उपलब्ध हर संभव निधियों का इस्तेमाल किया जाएगा, बल्कि जन प्रतिनिधियों से भी सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पशु गौशालाओं को एक सक्षम संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और अनुशासन के मामले में वह कभी कोई समझौता नहीं करेंगे।
बताते चलें कि गौरव कुमार 2018 बैच के आइएएस अधिकारी हैं। चण्डीगढ़ के मूल निवासी गौरव मैकेनिकल इंजीनियरिंग से बीटेक हैं। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित 2017 की परीक्षा में 34वां स्थान हासिल किया था। उनकी योग्यता का आंकलन इस बात से किया जा सकता है कि पर्सनालिटी टेस्ट (साक्षात्कार) में उन्हें 195 अंक प्राप्त हुए थे, जो काफी अच्छा स्कोर माना जाता है। उनके बैच में इससे अधिक अंक पाने वाले प्रतिभागियों की संख्या इकाई में रही। सामान्य वर्ग से ताल्लुक रखने वाले गौरव धार्मिक प्रवृत्ति के हैं। यहां सीडीओ का पदभार सम्हालने से पूर्व वह पड़ोसी जिले श्रावस्ती, रामपुर और आजमगढ़ जिले की सदर तहसील और सगड़ी में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के रूप में काम कर चुके हैं। प्रेस वार्ता में जिला विकास अधिकारी दिनकर विद्यार्थी, डीसी मनरेगा संतराम, डीसी एनआरएलएम एनवी सविता आदि मौजूद रहे।

