Saturday, May 2, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Detail News : 80 में से 65 लड़ाके नहीं बचा पाए...

Gonda Detail News : 80 में से 65 लड़ाके नहीं बचा पाए अपनी जमानत

जिले की सभी सात सीटों पर खिला कमल, प्रेम नरायन पाण्डेय ने बनाया रिकार्ड

आम आदमी पार्टी का एक भी उम्मीदवार एक हजार मत के आंकड़े को नहीं छू पाया

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। जिले की सात विधानसभा सीटों पर एक बार फिर कमल खिल गया है। तरबगंज के विधायक प्रेम नरायन पाण्डेय ने सर्वाधिक 53690 मतों के अंतर से भारी जीत दर्ज करते हुए दुबारा विजय पताका फहराया है। पहली बार चुनाव मैदान में उतरे कर्नलगंज विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अजय कुमार सिंह ने भी ऐन चुनाव के मौके पर एकजुट हुए दो राजघरानों की घेराबंदी को तोड़ते हुए 35 हजार मतों के अंतर से भारी जीत दर्ज की है। मनकापुर सीट पर यदि कैबिनेट मंत्री रमा पति शास्त्री 42 हजार मतों के अंतर से जीते हैं तो त्रिकोणीय मुकाबले में फंसी कटरा बाजार सीट पर भाजपा प्रत्याशी ने लगातार तीसरी बार विजय पताका फहराकर यह साबित कर दिया है कि जनता को अब भी भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों पर पूर्ण भरोसा है। खास बात यह रही कि जिले के सात विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे 80 प्रत्याशियों में से भाजपा के विजयी विधायकों के अलावा केवल आठ प्रत्याशी अपनी जमानत बचा पाने में कामयाब हो पाए हैं। बसपा और कांग्रेस समेत 65 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है। भारी शोर शराबे के बीच चुनाव में उतरी आम आदमी पार्टी (आप) का एक भी प्रत्याशी चार अंकों के आंकड़ों के आसपास भी नहीं पहुंच पाया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार ने बताया कि मेहनौन विधानसभा सीट पर कुल 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। यहां 214439 वोट डाले गए थे। भाजपा प्रत्याशी विनय कुमार द्विवेदी 107327 मत पाकर चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने 84019 मत पाने वाली अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी समाजवादी पार्टी की नंदिता शुक्ला को 23218 मतों से पराजित किया। कांग्रेस के कुतबुद्दीन खान को 5499 तथा बसपा के शिव कुमार को 10883 मत मिले। यहां 1971 मतदाताओं ने नन आफ द एबब (नोटा) का इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि गोण्डा सदर सीट पर 200215 मतदाताओं ने चुनाव लड़ रहे 15 प्रत्याशियों में से सर्वाधिक 96528 मत देकर भाजपा के प्रतीक भूषण शरण सिंह को दुबारा विजयी बनाया। एक बार फिर उनके सामने ताल ठोक रहे सपा के सूरज सिंह को 89829 मतों से संतोष करना पड़ा। बसपा के मो. जकी को 5758, कांग्रेस की रमा कश्यप को 2701, आम आदमी पार्टी के अजय कुमार को 640 तथा लोकतांत्रिक जनशक्ति पार्टी के कल्पराम त्रिपाठी को 190 मत मिले। यहां के 980 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। डा. कुमार के अनुसार, इसी प्रकार कटरा बाजार विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ने वाले 12 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 234642 मतदाताओं ने किया। यहां भाजपा के बावन सिंह 112291 मत पाकर लगातार तीसरी बार विधायक बने हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी 93834 मत पाने वाले सपा के बैजनाथ दूबे को लगातार तीसरी बार पराजित किया। भाजपा से बगावत करके बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले विनोद कुमार शुक्ल को 18218 तथा आम आदमी पार्टी के विजय प्रसाद को 726 मत मिले। यहां भी 2004 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। इसी प्रकार जिले की कर्नलगंज सीट पर चुनाव लड़ रहे 10 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 192397 मतदाताओं ने किया। पहली बार चुनाव मैदान में उतरे भाजपा के अजय कुमार सिंह ने 103919 मत पाकर 68863 मत पाने वाले अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी सपा के योगेश प्रताप सिंह को 35056 मतों से पराजित किया। यहां कांग्रेस के त्रिलोकी नाथ तिवारी को 3600, बसपा के रंजीत कुमार को 3597 तथा आप के विशाल सिंह को 457 मत मिले। यहां 2260 मतदाताओं ने नोट का प्रयोग किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि तरबगंज सीट पर चुनाव लड़ रहे 10 प्रत्याशियों में से भाजपा प्रत्याशी प्रेम नरायन पाण्डेय को सर्वाधिक 125325 मत मिले हैं। वह 71635 मत पाने वाले अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी सपा के राम भजन चौबे को हराकर दुबारा निर्वाचित हुए हैं। यहां कांग्रेस की त्वरिता सिंह को 2684, बसपा के लालजी को 3751 तथा आप के जसवंत सिंह को 445 मत मिले हैं। यहां 2408 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। मनकापुर (सु.) सीट पर चुनाव लड़ रहे 11 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 182120 मतदाताओं ने वोट डालकर किया। यहां भाजपा प्रत्याशी व प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे रमापति शास्त्री 105073 मत पाकर इस सीट से दुबारा चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वन्दी रहे 62944 मत पाने वाले सपा के रमेश गौतम को 42129 मतों से पराजित किया। यहां बसपा के श्याम नरायन को 6528, कांग्रेस के संतोष कुमार को 1197 तथा आप के जयराम सुमन को 430 मत मिले। यहां 2281 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। गौरा विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ रहे 11 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 172557 मतदाताओं ने वोट डालकर किया। यहां 73545 मत पाकर भाजपा के राम प्रताप वर्मा दुबारा निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने 50571 मत पाने वाले सपा के संजय विद्यार्थी को 22974 मतों से पराजित किया। कांग्रेस के राम प्रताप सिंह 31589 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। सात सीटों पर चुनाव लड़ रहे 80 प्रत्याशियों में राम प्रताप सिंह इकलौते ऐसे प्रत्याशी हैं, जो विजेता अथवा उप विजेता न होने के बावजूद अपनी जमानत बचा पाए हैं। बाकी 65 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है। बसपा की निगार फात्मा को 11016 तथा आप के संजय पाठक को 364 मत मिले। यहां 1361 मतदाताओं ने नोटा का इस्तेमाल किया।

Gonda Detail News : 80 में से 65 लड़ाके नहीं बचा पाए अपनी जमानत
कलमकारों से ..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular