एसपी ने कहा-सीसीटीवी फुटेज से चिन्हित कर दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
नवाबगंज थाने में बुधवार की देर शाम पुलिस हिरासत में हुई युवक की मौत का मामला
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत के मामले में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों तथा बिजली विभाग के कर्मचारियों ने शव रखकर गोंडा-अयोध्या राजमार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कई सरकारी वाहनों पर ईंट पत्थर बरसाकर तोड़फोड़ किया। प्रदर्शनकारी मृतक के परिवार को 50 लाख रुपए की अहेतुक सहायता तथा मुकदमे में नामजद अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी ने लोगों को समझा बुझाकर तथा न्याय दिलाने का भरोसा देकर शांत कराया। एसपी ने बताया कि आन्दोलन के दौरान हिंसा करने वालों के खिलाफ भादवि की धारा 307, 332, 353 व सेवेन क्रिमनल ला अमेंडमेंड एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
सपा नेताओं ने की आन्दोलन की अगुवाई
जिले के नवाबगंज थाने की पुलिस की हिरासत में कल देर शाम बिजली विभाग में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत युवक देव नारायण यादव उर्फ देवा (22) की मौत की खबर क्षेत्र में फैलते ही माझा राठ सहित आसपास के गांवों के सैकड़ो लोग गुरुवार को मध्यान्ह सपा के पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे व रमेश गौतम, जिलाध्यक्ष पप्पू यादव, क्षेत्रीय सपा नेता सूरज सिंह व मस्तराम की अगुवाई में नवाबगंज कस्बे के निकट कोल्ड स्टोरेज के पास गोंडा-अयोध्या राजमार्ग जाम कर दिया। परिणाम स्वरूप दोनों तरफ से कई किलोमीटर लम्बा जाम लग गया। जाम खोलवाने पहुंचे पुलिस बल पर आक्रोशित ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। परिणाम स्वरूप कई सरकारी व पुलिस के वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। उधर से किसी मरीज को लेने जा रहे एक एम्बुलेंस वाहन को भी उत्तेजित लोगों ने पलट दिया। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार, आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने कई पुलिस वालों को भी पीट दिया। प्रदर्शन के दौरान सीओ सदर विनय कुमार सिंह समेत पुलिस के दस वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। भीड़ ने पास में एक स्थित एक पेट्रोल पम्प पर भी तोड़फोड किया। मौके पर मृतक का पिता आन्दोलन कारियों से हाथ जोड़कर अपील करता नजर आया कि आप लोग तोड़फोड़ न करें। करीब दो ढ़ाई घंटे तक राजमार्ग जाम करके हंगामा होता रहा।
यह भी पढें : नवाबगंज के SHO व SOG प्रभारी निलंबित, SHO पर हत्या की FIR

डीएम, एसपी ने वार्ता कर लोगों को दिलाया भरोसा
स्थानीय पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से आन्दोलनकारी वार्ता करने को तैयार नहीं थे। इस बीच जिलाधिकारी डा. उज्जवल कुमार तथा पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत करके उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया। अधिकारी द्वय ने आन्दोलित लोगों को समझाया कि प्रकरण में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। प्रभारी निरीक्षक नवाबगंज व एसओजी प्रभारी निलम्बित किए जा चुके हैं। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा करवाकर शव का चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम करवाया गया है। उसकी विधिवत वीडियोग्राफी कराई गई है। प्रकरण की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। साथ ही पुलिस अभिरक्षा में हुई मौतों के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा दिए गए सभी दिशा निर्देशों का विधिवत अनुपालन कराया जा रहा है। अधिकारियों के समझाने के उपरान्त परिजन सायंकाल करीब चार बजे शव को दाह संस्कार के लिए ले गए।
वीडियोग्राफी के साथ डाक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
इससे पूर्व भारी सुरक्षा प्रबंधों के बीच गुरुवार की सुबह पुलिस ने तीन डाक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराते हुए वीडियोग्राफी कराया। पोस्टमार्टम के बाद भारी पुलिस बल के साथ शव नवाबगंज भेजा गया। शव को ले जाकर आन्दोलन स्थल पर रख दिया गया। इससे पहले ही नवाबगंज विद्युत उपकेन्द्र से जुड़े उसके साथी बिजली कर्मियों ने केबिल काटकर विद्युत आपूर्ति ठप कर दी और सड़क पर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल हो गए। देवा की कथित हत्या की दर्ज एफआईआर की प्रतिलिपि उसके पिता को देने के लिए पुलिस कर्मियों को थाने में किराए का जनरेटर मंगाना पड़ा। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाने के लिए नवाबगंज थाने को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। जिले के डेढ़ दर्जन थानों के साथ ही बलरामपुर जिले के पड़ोसी थानों सादुल्ला नगर, रेहरा बाजार आदि की पुलिस को भी यहां पर तैनात किया गया है।
रात में ही थाने पहुंचकर डीआइजी ने की छानबीन
देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने भी रात में ही नवाबगंज थाने पहुंचकर घटना की पड़ताल की थी। निलंबित थानाध्यक्ष तेज प्रताप सिंह भूमिगत हो गए हैं। बताते चलें कि थाना नवाबगंज क्षेत्र के चौहान पुरवा में बीते दिनां एक झोलाछाप डाक्टर राजेश चौहान की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। हत्या की तफ्तीश कर रहे नवाबगंज के प्रभारी निरीक्षक के साथ ही एसपी ने हत्या के खुलासे के लिए एसओजी को भी लगाया था। देव नरायन उर्फ देवा को बुधवार की शाम पूछताछ के लिए थाने पर बुलाया गया था। बाद में उसकी तबियत खराब हो जाने की बात कहते हुए जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। एसपी आकाश तोमर ने बताया कि गुरुवार को मध्यान्ह नवाबगंज कस्बे के समीप आन्दोलन के दौरान हिंसा करने वालों के खिलाफ भादवि की धारा 307, 332, 353 व सेवेन क्रिमनल ला अमेंडमेंड एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। सीसीटीवी व वीडियो फुटेज के माध्यम से लोगों को चिन्हित कर दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढें : पूछताछ के लिए थाने बुलाए गए युवक की संदिग्ध मौत

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
