जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के परसपुर थाना क्षेत्र से एक युवती को अगवा कर जबरन धर्म परिवर्तन करके निकाह करने और सामूहिक दुष्कर्म किए जाने के मामले में चार अभियुक्तों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र के अनुसार, थाना क्षेत्र के निवासी पीड़िता के पिता ने बताया कि उसके गांव का ही निवासी जावेद मुंबई में नौकरी करता है। वह फोन से उसकी बेटी से बातचीत किया करता था। उसे घूमने के लिए मुंबई बुलाता था, किन्तु वह कभी जावेद के झांसे में नहीं आई। आरोप के मुताबिक, बीते 14 जून को उसकी बेटी शौच के लिए बाहर गई थी, तभी जावेद के भाई बहादुर ने उसे पकड़ लिया और कुछ सुंघाकर बेहोश कर दिया। बेहोशी की हालत में ही उसे मुंबई ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया गया। वहां मौलवी बुलाकर उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया और फिर जावेद से निकाह करा दिया गया। शिकायत के अनुसार, बेटी की विरोध के बावजूद महमूद, इबरार और जावेद ने उससे कई बार सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद भी उसकी पुत्री धर्म परिवर्तन को मानने के लिए तैयार नहीं हुई। जब जावेद को यह पता चल गया था कि लड़की के परिजनों को घटना के बारे में विस्तृत जानकारी हो गई है, तो वे मुकदमा दर्ज होने और गिरफ्तार किए जाने के भय से उसकी बेटी को 23 जून को कर्नलगंज रेलवे स्टेशन पर छोड़ गये। जावेद ने उसकी बेटी को इस बारे में मुंह खोलने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी है। एसपी के निर्देश पर चारों अभियुक्तों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि अभियोग पंजीकृत कर बालिका को चिकित्सीय परीक्षण तथा अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। जल्द ही अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढें : साढ़े छह किलो खाद्यान्न में थी 63 लोगों को भोजन कराने की तैयारी
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
