Monday, April 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसवारी वाहन न बनाये ट्रैक्टर ट्राली, माल ढोने और कृषि में किया...

सवारी वाहन न बनाये ट्रैक्टर ट्राली, माल ढोने और कृषि में किया जाए प्रयोग : आरटीओ

— 26 लोगों की मौत के बाद शासन के निर्देश पर किया जा रहा जागरुकता कार्यक्रम

कानपुर (हि.स.)। साढ़ थाना क्षेत्र हाल ही के दिनों में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलट गई थी। हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद शासन ने सख्त निर्देश दिया कि ट्रैक्टर ट्राली का प्रयोग सिर्फ कृषि कार्य और माल ढोने में किया जाये। इसके लिए जागरुकता कार्यक्रम भी आयोजित किये जायें। इसी को दृष्टिगत रखते हुए गुरुवार को जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया और आरटीओ ने साफ कहा कि ट्रैक्टर ट्राली को सवारी वाहन न बनाया जाये।

कानपुर के हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्च स्तरीय बैठक करते हुए सड़क सुरक्षा के समस्त संभव प्रयास करते हुए दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली मृत्यु को रोकने के लिए निर्देशित किया था। इसके क्रम में गुरुवार को भीतरगांव ब्लॉक के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय बिरसिंहपुर में सड़क सुरक्षा जन जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन (आरअीओ) राजेश सिंह एवं संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन विदिशा सिंह के उपस्थिति में एआरटीओ सुनील दत्त एवं एआरटीओ मानवेंद्र सिंह की देखरेख में किया गया।

एआरटीओ सुनील दत्त ने यातायात नियमों के बारे में जागरुक करते हुए कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में माल वाहनों द्वारा सवारी ढोने का प्रयोग न किया जाए। ट्रैक्टर ट्राली मुख्य रूप से कृषि कार्य हेतु पंजीकृत किए जाते हैं इसलिए इनसे सिर्फ माल ढुलाई का काम किया जाए। ट्रैक्टर ट्राली में रिफ्लेक्टिव टेप का प्रयोग अवश्य किया जाए।

संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश सिंह ने कहा कि विकासखंड के सभी ग्राम प्रधान अपने ग्राम सभा क्षेत्र के अंतर्गत संचालित होने वाले ट्रैक्टर के वाहन स्वामियों को यातायात नियमों के बारे में जागरूक करने में सहयोग प्रदान करें। उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरुक करें। कार्यक्रम में भीतरगांव ब्लॉक के आसपास के ग्राम प्रधान, बीडीसी, ट्रैक्टर स्वामी एवं आसपास के ट्रैक्टर चालकों को आमंत्रित किया गया था।

महमूद

RELATED ARTICLES

Most Popular