Wednesday, August 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसलेमपुर से रविंदर कुशवाहा को तीसरी बार टिकट देकर भाजपा ने पिछड़े...

सलेमपुर से रविंदर कुशवाहा को तीसरी बार टिकट देकर भाजपा ने पिछड़े वोटों को साधा!

बलिया(हि. स.)। लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में सलेमपुर से रविंदर कुशवाहा का नाम शामिल कर जिले में भाजपा ने पिछड़ी जातियों के वोटों पर अपनी पकड़ बनाए रखने की मंशा जाहिर कर दी है। जिले से लगी तीन लोकसभा सीटों में से सलेमपुर से रविंदर कुशवाहा को लगातार तीसरी बार भाजपा ने टिकट दिया है।

सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत देवरिया के दो व बलिया जनपद के तीन विधानसभा क्षेत्र बांसडीह, सिकन्दरपुर व बेल्थरारोड आते हैं। माना जा रहा है कि भाजपा के आंतरिक सर्वे में रविंदर कुशवाहा के प्रति लोगों में नाराजगी देखने को नहीं मिली। शायद यही वजह है कि उन पर भाजपा ने लगातार तीसरी बार भरोसा जताया है। हालांकि, कुशवाहा की पृष्ठभूमि समाजवादी रही है।

उनके पिता हरिकेवल प्रसाद सपा व जनता पार्टी से सलेमपुर से चार बार सांसद व देवरिया जिले के भाटपार रानी विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे। 2014 में रविंदर कुशवाहा को भाजपा ने पहली बार टिकट दिया तो उन्होंने सलेमपुर में पहली बार कमल खिला दिया था। 2019 में दोबारा जीत कर संसद पहुंचे थे। अब देखना दिलचस्प होगा कि 2024 के चुनाव में भाजपा नेतृत्व फिर से रविंदर कुशवाहा पर विश्वास जता कर पिछड़े वोटों पर पकड़ बनाए रखने में कितना कामयाब होता है।

2022 के विधानसभा चुनाव में सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में सिकन्दरपुर व बेल्थरारोड में भाजपा को मात खानी पड़ी थी। सिर्फ एक ही सीट बांसडीह भाजपा के खाते में आयी थी। वैसे रविंदर कुशवाहा को टिकट मिलने से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को सिकन्दरपुर बस स्टेशन चौराहे पर जमकर आतिशबाजी की।

पंकज/दीपक/बृजनंदन

RELATED ARTICLES

Most Popular