-नामांकन करने से पहले बोले योगी आदित्यनाथ
गोरखपुर(हि.स.)। अपने नामांकन से पूर्व महाराणा प्रताप इंटर कालेज परिसर में एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वास प्रकट किया कि उप्र में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि मैं आज नामांकन करने जा रहा हूं। भाजपा ने मुझे गोरखपुर शहर से प्रत्यशी बनाया है।
कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म किया गया। करीब 500 साल पूराना अयोध्या में मंदिर का सपना भी पूरा हुआ। अयोध्या में भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण हो रहा है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया और कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार में विकास के सारे रिकार्ड टूट गए हैं। विकास की अनेक परियोजनाएं धरातल पर आ चुकीं हैं। केंद्रीय नेतृत्व की दूरदर्शिता की वजह से सरकार के कार्यों पर कोई नकारात्मक टिप्पणी नहीं कर सकता है। यह बात अलग है कि राजनैतिक दृष्टि से कोई टिप्पणी करे। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़ा मसाला हो अथवा सुरक्षा की गारंटी का क्षेत्र हो, हर क्षेत्र में कार्य हुआ है। विकास हुआ है।
योगी ने इस दौरान गठबंधन के सभी साथियों और क्षेत्रीय विधायकों के अलावा संगठनात्मक रूप से जुड़े लोगों को भी याद किया। उनका आभार जताया और शुभकामनाएं दीं। बरसात के बाद भी नामांकन में शामिल होने के लिए आए कार्यकर्ताओं, समर्थकों को धन्यवाद दिया। उम्मीद जताई कि इन्हीं कार्यकर्ताओं के बलबूते भाजपा फिर से सत्ता में आएगी।
आमोद/दिलीप
