सपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की, भाजपा ने कार्य संस्कृति पर उठाए सवाल

-चंदौली में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने डिप्टी एसपी पर ही बोला हमला

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी के चुनावी कार्यक्रमों से धक्का-मुक्की का वीडियो आए दिन सामने आ रहा है। कभी सपाईयों के आपस के तो कभी पुलिस के साथ झड़प की घटनाएं हो रही हैं।

रविवार को सपा कार्यकर्ताओं का एक और वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में सपा कार्यकर्ता डिप्टी एसपी को धकेलते हुए दिखाई दे रहे हैं। धक्का-मुक्की का यह वीडियो प्रदेश के चंदौली जिले का है। वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट कर सपा की कार्य संस्कृति पर सवाल खड़ा किये हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगों की यही कार्य संस्कृति है। यह उसका एक छोटा सा नमूना है।

यूपी भाजपा के चुनाव सह प्रभारी व केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी सपा की कार्यसंस्कृति पर सवाल उठाते हुए कड़ी आलोचना की है। ठाकुर ने ट्वीट कर के कहा है कि ‘अखिलेश उत्तर प्रदेश की जनता से यह कहते हुए नहीं थक रहे कि मैं आ रहा हूं। लेकिन अखिलेश यादव जी क्या उत्तर प्रदेश में यही गुण्डाराज, माफियाराज लाने के लिए आप आना चाहते हैं। उन्होंने आगे लिखा है कि चन्दौली में डिप्टी एसपी को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पिटाई कर रहे हैं। पिटाई और गुण्डागर्दी के पर्यायवाची हैं सपाई।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सपा की गुण्डागर्दी एक बार फिर सबके सामने आई है। वह सत्ता में रहते हुए गुण्डागर्दी करते हैं। अपराधियों को संरक्षण देते हैं। प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे चुनावी मौसम में उनकी गुण्डागर्दी शुरू हो गयी है। सपा की यही कार्य संस्कृति है। प्रदेश की जनता इसे समझ चुकी है। यही वजह है कि जनता ने इन्हें 2014, 2017 और फिर 2019 में नकार चुकी है। आने वाले चुनाव में भी इनका यही हश्र होने वाला है। राकेश त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार ऐसे लोगों से कठोरता से निपटेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को चंदौली पहुंचे थे। बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन देने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने के लिए जाने से रोका तो वह धक्का मुक्की करने लगे। काफी देर तक चले संघर्ष के बाद सपा कार्यकर्ता वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गये। पुलिस के साथ सपाईयों को यही वीडियो वायरल हो रहा है।

error: Content is protected !!