Monday, September 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसंवेदनशील सरकार में होती है गरीब-कमजोर की सुनवाई : मुख्यमंत्री

संवेदनशील सरकार में होती है गरीब-कमजोर की सुनवाई : मुख्यमंत्री

– गोरखपुर में 1500 गरीब बेटियों के सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए योगी, नव दंपतियों को दिया आशीर्वाद

गोरखपुर(हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि जब सरकार संवेदनशील होती है तो गरीब-कमजोर लोगों की सुनवाई होती है। उन्हें बिना भेदभाव के पूरी पारदर्शिता के साथ शासन की योजनाओं का लाभ मिलता है। केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार ऐसी ही संवेदनशील सरकार है। यह सरकार बिना भेदभाव शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ तो पहुंचा ही रही है, जन सहयोग से समाज की कुरीतियों को समाप्त करने का भी प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी शनिवार को महंत दिग्विजयनाथ पार्क में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित 1500 जोड़ों के विवाह समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का कार्यक्रम डबल इंजन सरकार के प्रयासों और सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार का आयोजन है। दहेज की कुरीति से कई गरीब परिवार विवाह के पवित्र यज्ञ से वंचित हो जाते थे। बाल विवाह से पूरी तरह छुटकारा पाने के साथ दहेज के अत्याचार को समाप्त करने की दिशा में यह आयोजन अभिनव प्रयास है। उन्होंने कहा कि हमें समाज में किसी भी ऐसी कुरीति को पनपने नहीं देना है जो समाज के विकास में बाधक हो।

आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वर्ष 2017 से अब तक लगभग तीन लाख शादियां करा चुकी है। 2017 के पूर्व प्रति जोड़े विवाह पर 31 हजार रुपये खर्च किए जाते थे, बाद में इसे बढ़ाकर 51 हजार रुपये कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी ने सामूहिक विवाह के कार्यक्रम को आनंद का अद्भुत क्षण बताया। उन्होंने कहा कि किसी एक शादी में समय निकाल पाना मुश्किल होता है, लेकिन आज का यह आयोजन ऐसा शुभ व बड़ा कार्यक्रम है जहां मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और अधिकारी वर-वधु पक्ष के लोगों का स्वागत करने, नवयुगलों को शुभाशीष देने आए हैं। समाज कल्याण विभाग की तरफ से आयोजित इस समारोह में 1500 जोड़े विवाह के पवित्र बंधन में बंधे। नवयुगलों में हिन्दू, मुस्लिम दोनों शामिल हैं। सभी नव दंपतियों को आशीर्वाद देते हुए मुख्यमंत्री ने उनके सुखमय जीवन की कामना की।

कार्यक्रम को प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद, बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान और गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, महेंद्रपाल सिंह, डॉ विमलेश पासवान, एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह आदि भी उपस्थित रहे।

आमोदकांत /पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular