Thursday, April 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशशिक्षामित्र ने मासूम बच्ची को बंधक बनाकर किया दुष्कर्म

शिक्षामित्र ने मासूम बच्ची को बंधक बनाकर किया दुष्कर्म

मेरठ(हि.स.)। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र ने चार साल की मासूम को क्लासरूम में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शिक्षामित्र की जमकर पिटाई करते हुए उसे स्कूल में बंद कर दिया। जानकारी के बाद एसडीएम और बीएसए से लेकर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। घंटों हंगामे के बाद आरोपित शिक्षा मित्र को निलंबित करते हुए अधिकारियों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली चार साल की मासूम का एडमिशन उसके परिवार के लोगों ने इस साल ही हुमायूंपुर गढ़ी स्थित प्राथमिक विद्यालय में कराया था। बताया जाता है कि मंगलवार को गांव के कुछ बच्चे स्कूल में चले गए। इस दौरान वहां मौजूद शिक्षामित्र सचिन पुत्र कमल सिंह ने अन्य सभी बच्चों को डपट कर वापस भेज दिया। आरोप है कि इसके बाद सचिन ने क्षेत्र की रहने वाली चार साल की मासूम बच्ची को क्लासरूम में बंधक बना लिया। जहां आरोपित ने बच्ची के हाथ और मुंह बांधकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे मुंह बंद रखने की धमकी देते हुए स्कूल से भगा दिया। रोती-बिलखती बच्ची ने घर पहुंच कर घटना की जानकारी परिवार के लोगों को दी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना का पता चलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सैकड़ों ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए स्कूल में मौजूद आरोपित सचिन की जमकर पिटाई की। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपित को एक क्लास रूम में बंद कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सीओ मवाना उदय प्रताप सिंह, एसडीएम कमलेश गोयल और बीएसए सहित कई थानों की फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने हंगामा करते हुए आरोपित के खिलाफ कार्रवाई ना होने तक उसे पुलिस के हवाले करने से इंकार कर दिया जिसके बाद बीएसए सतेंद्र ढाका ने आरोपित को तत्काल निलंबित करने के आदेश दिए। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। सीओ मवाना ने बताया कि आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
 

RELATED ARTICLES

Most Popular