Thursday, September 24, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडल व्यापारियों के हितों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी : राजनाथ सिंह

 व्यापारियों के हितों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी : राजनाथ सिंह

लखनऊ (हि.स.)। केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को ऐशबाग रामलीला मैदान में आयोजित होली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। हमारी सरकार यह मानती है कि इस देश और प्रदेश में कारोबार की दृष्टि से सबसे ज्यादा भागीदारी छोटे और मझोले व्यापारियों की है। व्यापारी भाइयों के बीच मैं यह कहना चाहता हूँ कि आप सभी के विकास के लिए भी हमारी सरकार प्रतिबद्ध हैं। होली मिलन समारोह लखनऊ उद्योग व्यापार मंडल की ओर से आयोजित किया गया था।

राजनाथ सिंह ने कहा कि बजट में मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों को राहत दी गई है। इसी तरह सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग (एमएसएमइ) और छोटे व्यापारियों के लिए ऋण पर ब्याज में एक प्रतिशत की छूट और तीन करोड़ रुपये के कारोबार वाले एमएसएमइ को टैक्स में राहत देने का निर्णय लिए गया है।

रक्षामंत्री ने कहा कि भारत त्योहारों का देश है। हम उत्सवप्रिय लोग हैं। हर पखवाड़े एक त्योहार पड़ ही जाता है जो एक नई ऊर्जा का संचार कर जाता है। हमारे यहाँ मनाए जाने वाले त्योहार आपसी स्नेह और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देते है। प्रेमपूर्वक और सद्भाव के साथ रहने के लिए प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि होली सिर्फ रंगों और मिठाइयों का उत्सव नहीं है। यह राधा और कृष्ण के दिव्य प्रेम की कहानी है। यह विष्णु अवतार नरसिंह, विष्णु भक्त प्रह्लाद और अहम के प्रतीक हिरण्यकश्यप की भी याद दिलाती है। यह बताती है कि आप कितने भी बड़े क्यों न हो जाएं, अभिमान विनाश का कारण बनता है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत के तीन राज्यों के चुनावों में हमें बहुत अच्छी सफलता मिली। जहां त्रिपुरा में हम दुबारा बहुमत की सरकार बनाने में कामयाब रहे वहीं नागालैण्ड और मेघालय में भी भाजपा गठबंधन सरकार में सहयोगी की भूमिका निभा रही है। प्रसिद्ध कवि हरिवंश राय बच्चन जी की एक कविता की एक लाइन है।

‘तुम अपने रंग में रंग लो तो होली है’पूर्वोत्तर राज्यों के लोगों ने अपने प्रेम से हम सभी को अपने रंग मे रंग लिया।

रक्षामंत्री ने कहा कि आज हर तरफ उत्तर प्रदेश मे बड़ी संख्या में आ रहे निवेशों की बात हो रही हैं। हम सबको पता हैं ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट से यूपी सरकार को लगभग 35 लाख करोड़ रुपए का निवेश का प्रपोजल मिला है। विकास की पहली शर्त होती है क़ानून-व्यवस्था का चुस्त-दुरुस्त होना। योगीजी ने उत्तर प्रदेश में यह काम बखूबी किया है।

इस अवसर पर फूलों की होली खेली गयी। होली मिलन समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, एमएलसी पवन सिंह चौहान, पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया, लखनऊ उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री अनुराग मिश्रा, वरिष्ठ महामंत्री उद्योग व्यापार मंडल पवन मनोचा, अभिषेक खरे, सुमित गुप्ता व सतीश अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular