Tuesday, August 11, 2026
Homeराज्यवोट साधने उत्तराखंड पहुंचे केजरीवाल ने की चार बड़ी घोषणाएं

वोट साधने उत्तराखंड पहुंचे केजरीवाल ने की चार बड़ी घोषणाएं

राज्य डेस्क

देहरादून। उत्तराखंड के 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस की वोट बैंक पर सेंध लगाने के लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक दिवसीय दौरे पर रविवार को दून पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लोक लुभावन घोषणा कर वोट साधने की पूरजोर कोशिश की। उन्होंने उत्तराखंड के लोगों से 300 यूनिट बिजली फ्री और पुराने बिजली बिल माफ किए जाने संबंधी वादे किए। उन्होंने कह कि उत्तराखंड में 24 घंटे बिजली देंगे। वहीं उत्तराखंड के किसानों को मुफ्त बिजली दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने अगली बार आने का वादा भी किया और कहा कि अगली बार वह आम आदमी पार्टी के सीएम फेस की घोषणा करने के लिए आएंगे। देहरादून में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अरविंद केजरीवाल ने सभी उत्तराखंडवासियों को मेरा नमस्कार कहकर अपनी बात शुरू की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आकर अच्छा लग रहा है। भगवान ने इस देवभूमि को सबकुछ दिया। यहां मेहनती, अच्छे और ईमानदार लोग हैं, लेकिन उत्तराखंड के नेताओं और पार्टियों ने इसे बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
केजरीवाल ने कहा कि मैं बिजली के क्षेत्र में चार बातों की गारंटी देकर जा रहा हूं। पहली यह कि दिल्ली की तरह उत्तराखंड में हर परिवार को 300 यूनिट बिजली फ्री देंगे। दिल्ली में 200 यूनिट फ्री है। दूसरी, हमारे कार्यकर्ता घर-घर जा रहे हैं। तमाम ऐसे बिजली बिल देखने को मिले जो गलत भेजे जा रहे हैं। लोग चक्कर काट रहे हैं। लिहाजा पुराने बिल माफ किए जाएंगे। तीसरी, कोई पावर कट नहीं लगेगा। उत्तराखंड में 24 घंटे बिजली देंगे। दिल्ली में जब मैं सीएम बना तो गर्मियों में 8 घंटे का पावर कट होता था। हमने घर-घर जाकर काम करवाया। आज दिल्ली में 24 घंटे बिजली है। चौथी, उत्तराखंड के किसानों को मुफ्त बिजली दी जाएगी। आज किसान गरीब है। अगर उसे ये लाभ देंगे तो उसकी जिंदगी आसान होगी। केजरीवाल ने कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद पहली कलम से ये चार घोषणाएं लागू कर दी जाएगी। केवल 24 घंटे बिजली देने के मामले में 3-4 साल का समय लगेगा। मैं समझता हूं कि आज की इस घोषणा के बाद यहां के लोग खुश होंगे। उत्तराखंड की सरकार घाटे में चल रही है के सवाल पर केजरीवाल ने कहा कि जब हमारी सरकार दिल्ली में बनी थी तो वहां भी घाटे में सरकार चलती थी। आज देश में केवल दिल्ली की सरकार लाभ में है। दिल्ली का बजट 60 हजार करोड़ है। यहां बिजली में 2200 करोड़ का खर्च आता है। उत्तराखंड के 50 हजार करोड़ बजट में से केवल 1200 करोड़ का खर्च आएगा। कहा कि गवर्नेंस के दो मॉडल हैं एक मॉडल भ्रष्टाचार का है जो यहां की पार्टियां अपना रही हैं। दूसरा मॉडल हमारा है। हम वादा कर रहे हैं कि हमारी सरकार आई तो हम पांच साल तक टैक्स नहीं बढ़ाएंगे। कोई अतिरिक्त टैक्स नहीं लगाएंगे। चोरी रोकेंगे। हम चोरी नहीं करते। हम जनता के फंड से चलने वाली पार्टी हैं।

यह भी पढ़ें : डीएम व डाक्टरों के बीच विवाद का पटाक्षेप

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular