प्रतापगढ़ (हि.स.)। जनपद में शहर के गायघाट रोड पर निर्माणाधीन वीवीपैट भवन का जिलाधिकारी डॉ. नितिन बंसल ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। जिसमें सही जानकारी न मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी का निर्देश दिया है।
इस दौरान भवन निर्माण में कम संख्या में मजदूर एवं मिस्त्री कार्य कर रहे थे, वीवी पैट भवन के निर्माण के प्रारम्भ होने एवं लागत की सही जानकारी न मिलने पर आवास विकास परिषद के अधिशासी अभियन्ता आई.बी गोंड एवं जूनियर इंजीनियर प्रमोद कुमार यादव को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
आवास विकास परिषद के एई ने बताया गया कि मार्च 2019 से निर्माण कार्य प्रारम्भ है और इसकी लागत रूपये 2.59 करोड़ है, जिसके सापेक्ष रूपये 1.29 करोड़ की धनराशि प्राप्त हुई है और रूपये 1.25 करोड़ की धनराशि अब तक खर्च की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्य को प्रारम्भ हुए लगभग दो वर्ष हुए व कार्य की प्रगति बहुत ही धीमी है। जिस पर आवास विकास परिषद के एई अतुल चन्द्र श्रीवास्तव को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में तेजी लायी जाये जिससे जल्द से जल्द कार्य पूर्ण किया जा सके।
डीएम ने इसी दौरान गायघाट रोड पर स्थित ट्रामा सेन्टर पहुॅचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ट्रामा सेन्टर के पास नेशनल हाइवे सड़क निर्माण कार्य में कितने ग्राम सभाओं के कास्तकारों की जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है और उनके मुआवजे की धनराशि के वितरण की प्रगति की जानकारी प्राप्त किया। बताया गया कि नेशनल हाइवे के निर्माण हेतु 17 राजस्व ग्रामों के कास्तकारों की जमीन का अधिग्रहण किया गया है और 85 करोड़ रुपये की धनराशि का वितरण किया जाना है। जिसमें से प्राप्त रूपये 54 करोड़ की धनराशि का वितरण कास्तकारों को कर दिया गया है और अवशेष धनराशि प्राप्त होने पर बचे कास्तकारों को धनराशि का वितरण कर दिया जायेगा।
वीवीपैट भवन निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर कारण बताओ नोटिस
RELATED ARTICLES
