Tuesday, July 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवीरांगना की भूमि पर पहली बार वीरांगनाओं के हाथ रही परेड की...

वीरांगना की भूमि पर पहली बार वीरांगनाओं के हाथ रही परेड की कमान

वीरांगना नगरी में धूमधाम से मनाया गया 73वां गणतंत्र दिवस

झांसी(हि.स.)। 1857 में स्वतंत्रता की चिंगारी बनकर उभरी वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की नगरी झांसी में 73वें गणतंत्र दिवस को बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। बुंदेलखंड में पहली बार पुलिस लाइन में वीरांगनाओं की 8 टुकड़ियों द्वारा परेड निकाली गई। परेड का नेतृत्व भी वीरांगनाओं ने किया। इस अवसर पर मंडलायुक्त डॉ अजय शंकर पांडे ने सलामी ली।

उन्होंने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को अपने दायित्व के प्रति सभी को निष्ठावान रहने की सीख दी। इससे पूर्व मंडलायुक्त ने अपने कार्यालय पर,डीआरएम ने सीनियर इंस्टीट्यूट व जिला अधिकारी ने अपने कार्यालय व वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के ऐतिहासिक दुर्ग पर ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं दी।

मंडलायुक्त अजय अजय शंकर पांडे ने मंडल के सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के दिन हमारे संविधान को लागू किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अमले पर संविधान को क्रियान्वित करने की बड़ी जिम्मेदारी होती है। इसलिए हमें अपने दायित्व को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करना होगा।

उन्होंने कहा कि आज पुलिस लाइन में मिशन शक्ति को आगे करते हुए पूरे परेड की जिम्मेदारी उनके कंधों पर दी गई। इसके द्वारा यह भी प्रदर्शित किया गया कि शौर्य और पराक्रम में महिलाएं किसी से कम नहीं है। यह वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की भूमि है। वीरांगना की भूमि पर यह अपने आप में अनूठी पहल है। परेड में शामिल मिशन शक्ति की वीरांगनाओं को सम्मनित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य व प्रदर्शन करने वाले पुलिस पुरुष व महिला कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। ध्वजारोहण के बाद सभी को संविधान के प्रति निष्ठावान रहने की सभी को शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर पुलिस लाइन में डीआइजी जोगेंद्र कुमार,जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार,एसएसपी शिवहरी मीणा, एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी समेत तमाम अधिकारी व पुलिस कर्मी अपने परिजनों समेत उपस्थित रहे।

नगर की वीरांगना व स्वतंत्रता सेनानी के वंशजों का कार्य प्राथमिकता से निस्तारित हो

वीरांगना लक्ष्मीबाई के ऐतिहासिक दुर्ग पर ध्वजारोहण करने पहुंचे जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने इसे ऐतिहासिक पल बताते हुए आज से समस्त सरकारी कार्यालयों में दो नियम लागू करवाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नगर की हर बेटी व महिला वीरांगना है। यदि किसी महिला या बेटी का आवेदन किसी भी सरकारी कार्यालय में पहुंचता है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। यह वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के लिए हमारी ओर से सच्ची श्रद्धांजलि होगी। दूसरा यदि किसी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के वंशज का कार्य भी किसी कार्यालय तक पहुंचता है तो उसे भी प्राथमिकता से निस्तारित किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा यह हमारा दायित्व है कि 1857 में स्वतंत्रता की अलख जगाने वाली महारानी लक्ष्मी बाई के वंशज मानते हुए यहां के लोगों की सेवा की जाए।

डीआरएम ने की दायित्वों के प्रति समर्पित रहने की अपील

रेलवे सीनियर इंस्टीट्यूट मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआरएम आशुतोष कुमार ने सभी को इस ऐतिहासिक दिन पर अपने दायित्वों के प्रति समर्पित रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि यही हमें स्वतंत्रता दिलाने वाले बलदानियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों पर भी हुआ ध्वजारोहण

नगर समेत पूरे जनपद में 73 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर लोग उत्साह में दिखे। सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों पर भी ध्वजारोहण किया गया। वरिष्ठ समाजसेवी संदीप सरावगी ने भी लॉर्ड महाकालेश्वर इंटर कॉलेज में ध्वजारोहण कर सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular