Thursday, April 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशविकासवाद की राजनीति करती है भाजपा : नड्डा

विकासवाद की राजनीति करती है भाजपा : नड्डा

गोरखपुर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने परिवारवाद की राजनीति को लेकर शुक्रवार को विपक्षी दलों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवारवाद की नहीं, विकासवाद की राजनीति करती है।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने जिले के सिकटौरा स्थित रानीडीहा मैदान में गरीब कल्याण सभा को संबोधित किया। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति की कार्य संस्कृति को बदल दिया है। मोदी ने वंशवाद, परिवारवाद, संप्रदायवाद, क्षेत्रवाद, जातिवाद, अनाचार को धता बताते हुए विकासवाद की राजनीति को प्रोत्साहित किया है। सबका साथ और सबके विकास की न सिर्फ बात होती है बल्कि उसे मूर्त रूप देने का कार्य भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 तक यूपी में सिर्फ 15 मेडिकल कॉलेज थे, आज मोदी सरकार में 73 मेडिकल कॉलेजों का शिलान्यास हो चुका है और कार्य चल रहा है। यूपी का कोई भी क्षेत्र इससे छूटा नहीं है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के लिए विशेष सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक खोला गया है। उन्होंने कोरोना वैक्सीन की चर्चा करते हुए कहा कि भारत अब लेने वाला देश नहीं है, देने वाला देश है। अब यह किसी दूसरे देश के समाने कर्ज मंगाने नहीं जाता, बल्कि जरूरतमंदों को देता है।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि पार्टी का कार्यालय कार्यकर्ताओं को ऊर्जा देने वाला केंद्र है। इससे कार्यकर्ताओं को संबल मिलता है। देश का कोई भी जिला बिना कार्यालय के नहीं रहेगा। कार्यकर्ता को संस्कार देने का स्थान कार्यालय होता है। नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में संगठन के 72 कार्यालय समेत देशभर में 512 जिला कार्यालय बनाने की योजना बनी। उत्तर प्रदेश में अब तक 69 जिला कार्यालय बनकर तैयार हो चुके हैं। वहीं, देशभर में 230 कार्यालय बनकर तैयार हो चुके हैं और 150 कार्यालयों के निर्माण का कार्य चल रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। योगी ने कहा कि 2014 के बाद देश की व्यवस्था में परिवर्तन हुआ है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में समाज के अंतिम व्यक्ति तक तमाम कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि गोरखपुर में एम्स के निर्माण की नींव जेपी नड्डा के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री रहते रखी गई थी। उन्होंने कहा कि आज स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। गोरखपुर में जहां एम्स में मरीजों का इलाज शुरू हो गया है, वहीं जिले-जिले में मेडिकल कॉलेज बनाने का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को इंसेफेलाइटिस से निजात मिल गई है। प्रदेश सरकार 16 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्ट फोन दे रही है। एक तरफ भाजपा जहां कार्यालयों का उद्घाटन करती है तो वहीं दूसरी तरफ गरीबों के कल्याणार्थ गरीब कल्याण मेला भी लगाती है।

आमोद

RELATED ARTICLES

Most Popular