वाराणसी(हि.स.)। शिवपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर स्थित शास्त्री धाम कालोनी में सोमवार को एक 70 वर्षीय वृद्ध को मोटर साइकिल सवार बदमाशों ने गोली मार दी और मौके से भाग निकले। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां जुटे और पुलिस को सूचना देकर घायल को अस्पताल भिजवाया।
वृद्ध बालचंद चौधरी मुम्बई में फल और जूस बेचने का कार्य करते हैं। शास्त्रीधाम कॉलोनी में बालचंद चौधरी इन दिनों मकान बनवा रहे हैं। पूर्वाह्न में बालचंद मकान बनाने के लिए निर्माण सामग्री के व्यवस्था में लगे हुए थे। इसी दौरान मोटर साइकिल सवार युवक वहां आये और वृद्ध को गोली मार भाग निकले। वृद्ध की चीख पुकार और गोली की आवाज सुन जुटे पड़ोसियों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से घायल को बीएचयू ट्रामा सेंटर भिजवाया। जहां वृद्ध की हालत गंभीर बनी हुई है। पड़ोसियों ने बताया कि वृद्ध के भतीजे की आज शादी होने वाली है। परिजन उसी में गये हुए हैं। वृद्ध को घर में अकेला देख बदमाशों ने गोली मार दी। घटना का कारण जमीन विवाद से जोड़ा जा रहा है। पुलिस घायल वृद्ध के परिजनों और क्षेत्रीय लोगों से पूछताछ के बाद आरोपियों की तलाश में जुट गई।
श्रीधर
