Tuesday, May 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी : गंगा नदी में मिले हरे शैवाल की जांच शुरू, नमूना...

वाराणसी : गंगा नदी में मिले हरे शैवाल की जांच शुरू, नमूना एकत्र किया गया

-खिड़कियां घाट से मिर्जापुर तक गंगा का पानी जगह-जगह हरा मिला 
वाराणसी (हि.स.)। पवित्र गंगा नदी में जगह-जगह शैवाल मिलने और पानी हरा देख वाराणसी जिला प्रशासन भी संवेदनशील है। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के निर्देश पर अपर नगर मजिस्ट्रेट (द्वितीय) महेंद्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्त (दशाश्वमेघ) अवधेश पांडेय सहित अधिकारियों की टीम ने मंगलवार को खिड़कियां घाट से मिर्जापुर तक गंगा नदी में विभिन्न स्थानों पर जहां-जहां पानी हरा मिला, उसका नमूना एकत्र किया।
15-20 दिन पूर्व गंगा नदी में हरे शैवाल पाये जाने की खबर सोशल मीडिया में सुर्खियों में रही। इसकी जॉच क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भी की। इसके बाद पुनः गंगा में हरे शैवाल दिखने पर इसकी विस्तृत जांच के लिए जिलाधिकारी ने सोमवार को ही अपर नगर मजिस्ट्रेट (द्वितीय), क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सहायक पुलिस आयुक्त (दशाश्वमेघ), अधिशासी अभियन्ता बन्धी प्रखण्ड एवं महाप्रबन्धक गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई की पांच सदस्यीय टीम गठित की थी। 
टीम ने नाव से गंगा नदी की धारा में जाकर हरे शैवाल के उद्गम, श्रोत तथा गंगा घाटों तक इनके पहुंचने के कारणों की जाँच की। तीन दिनों के भीतर गंगा नदी में टीम ने भ्रमण कर मय फोटोग्राफ्स तथा वीडियोग्राफ्स से अपनी संयुक्त तथ्यात्मक जॉच आख्या तैयार की। इसके निवारण के विकल्प 10 जून की सायंकाल तक उपलब्ध कराए जाने का टीम के अधिकारियों को निर्देश भी मिला है।

RELATED ARTICLES

Most Popular