Saturday, September 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी : गंगा की लहरों में घाटों का सम्पर्क मार्ग डूबा,वरुणा में...

वाराणसी : गंगा की लहरों में घाटों का सम्पर्क मार्ग डूबा,वरुणा में भी पलट प्रवाह

वाराणसी (हि.स.)। सावन माह के पहले सप्ताह के समापन के दौर में गंगा और वरूणा नदी भी अब उफान पर है। पहाड़ों पर हो रही लगातार बारिश से गंगा का जलस्तर लगभग तीन सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। गंगा में लगातार बढ़ाव से घाटों का सम्पर्क मार्ग डूबने लगा है।

गंगा घाट पर बाढ़ की आशंका को देख नाविक अपने नौका को उंचे स्थान पर मोटी रस्सी से बांध रहे है। घाट पर लगने वाली छोटी-छोटी दुकानें भी अब ऊपर लगने लगी है। शीतला घाट की सीढ़ियां भी गंगा के जलस्तर बढ़ने से पानी में समा गई है। गंगा नदी में जलस्तर का चेतावनी बिंदु 70.26 मीटर है। अस्सी से राजघाट के किनारे स्थित छोटे मंदिर और मढ़ियां पानी में समा गए हैं।

शनिवार सुबह आठ बजे तक गंगा का जलस्तर 63.40 मीटर रहा। जो सामान्य जलस्तर 66.599 मीटर से कम है। शुक्रवार की रात आठ बजे गंगा का जलस्तर 63.08 मीटर दर्ज किया गया। गंगा के जलस्तर में तक बढ़ाव की रफ्तार 8 सेंमी प्रति घंटा रही। उधर गंगा में बढ़ाव से वरूणा में भी पानी का पलट प्रवाह होने लगा है। वरूणा में बढ़ाव देख तटवर्ती क्षेत्र के नागरिक इस पर निगाह रख रहे है। गंगा नदी का जलस्तर ऐसे ही बढ़ता रहा तो उम्मीद है कि नौका संचालन भी बंद कर दिया जायेगा। घाटों पर स्नान करने के लिए पहुंच रहे लोगों को भी आगाह किया जा रहा है।

उधर,सावन के रिमझिम फुहारों से मौसम भी सुहाना हो गया हैं। सुबह दस बजे से अपरान्ह तक कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश से उमस भी गायब हो गई। मौसम विभाग के अनुसार बारिश मानसूनी द्रोणिका बनने से हो रही है। मानसूनी द्रोणिका पश्चिम बंगाल से शुरु होकर गंगा के दक्षिण तक अपनी उपस्थिति बनाये हुए है। इसकी वजह से एक अक्षीय रेखा में बारिश और बूंदाबांदी का दौर चल रहा है। फिलहाल अगले चार दिनों तक मौसम का यही रुख बना रहेगा। इसके बाद मौसम साफ होगा और वातावरण में नमी का स्तर बढ़ने पर बारिश का दौर भी आएगा। शनिवार अपरान्ह दो बजे तक अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस,आद्रता 80 फीसद, दृष्यता 78 फीसद और हवा की रफ्तार 18 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular