लखनऊ(हि. स.)। मडियांव थाना क्षेत्र स्थित रैंथा रोड बढ़ौली बीकेटी फायर स्टेशन के पास रविवार को प्लास्टिक की कुर्सियां बनाने वाली फैक्टरी में आग लग गई। आग ने कुछ पल में ही अपना ने विकराल रूप ले लिया। भीषण आग और धमाके से इलाके में हड़कम्प मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत बचाव का कार्य करते हुए करीब कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अलीगंज एसीपी अखिलेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में ही रहने वाले सुनील बंसल की रैंथा रोड कमला बाद बढ़ौली में श्रीराधे मोल्डिंग इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड के नाम से प्लास्टिक फैक्टरी है। यहां पर प्लास्टिक की कुर्सियां बनाने का काम होता है। संदिग्ध परिस्थितियों में रविवार को फैक्टरी के गोदाम में आग लग गई। इसकी सूचना फैक्टरी कर्मियों ने पुलिस को दी। आग की सूचना मिलते ही बीकेटी, इंदिरा नगर, हजरतगंज और चौक फायर स्टेशन की 12 से अधिक गाड़िया मौके पर पहुंची। हर एक गाड़ी ने दस से अधिक चक्कर लगाकर फायर बिग्रेड कर्मियों ने कड़ी मश्क्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सीएफओ विजय कुमार सिंह ने बताया कि आग भयंकर थी। समय रहते काबू पा लिया गया था। फैक्टरी में प्लास्टिक का सामान होने से आग बुझाने में दिक्कत आ रही थी। शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का पता लग सकेगा। फैक्टरी मालिक ने बताया कि इस आग में उन्हें लाखों का नुकसान हुआ है।
