Sunday, September 20, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडल लखनऊ : एसी बसों के संचालन रुकने से यात्री परेशान

 लखनऊ : एसी बसों के संचालन रुकने से यात्री परेशान

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी से कोने-कोने में राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों की सेवा बीते 24 घंटें से यात्रियों को खासा परेशानी में डाल दिया है। एसी बसों के संचालन रुकने से परेशान यात्रियों को साधारण बसें भी मुश्किल से ही मिल पा रही हैं।

शुक्रवार को अपराह्न एक बजे तक आलमबाग, चारबाग, अवध, कैसरबाग डिपो की स्थिति एक जैसी ही रही। प्रदेश के विभिन्न जनपदों को जाने वाली बसों के संचालन रुकने से यात्री हैरान-परेशान रहे। अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, सुल्तानपुर, बहराइच, फतेहपुर जैसे जनपदों के लिए यात्रियों को डिपो पर बसों को खोजते हुए पाया गया।

तेज धूप के बीच एसी बसों के संचालन ना होने से महिला यात्री बेहद परेशान हुईं। ऐसे में महिलाओं ने डिपो पर बैठकर बसों का इंतजार किया तो कई घंटों के बाद बस आने पर उसकी सीटें कुछ मिनटों में ही फुल हो गयी। ऐसे में महिला यात्रियों को दोहरी परेशानी उठानी पड़ी।

ड्यूटी चार्ट को लेकर क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज से नाराज हुए बस चालकों की मांग है कि क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज को हटाया जाये। इसके अलावा चालकों की छुट्टी को लेकर एक व्यवस्था तैयार की जाये, जिससे चालक समय से सो सके और ड्यूटी कर सके। कुल 12 मांगों के साथ उन्होंने बस संचालन रोका है।

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के मुख्य प्रधान प्रबंधक प्रशासन रामसिंह वर्मा, सीजीएम टेक्निकल रविंद्र सिंह की चालकों से दो बार वार्ता हो चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। चालकों की ओर से अपनी मांगों को मनवाने के बाद ही बस संचालन करने की बात की जा रही है।

शरद

RELATED ARTICLES

Most Popular