– कांग्रेस के नेता ने आरोप लगाया भाजपा सरकार प्रदेश में लोकतंत्र का गला घोंट रही
वाराणसी (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने शनिवार को प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। पार्टी के प्रस्तावित प्रतिज्ञा यात्रा में भाग लेने शहर में आये पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि सरकार संविधान का उल्लंघन कर रही है। विपक्षी दलों को आवाज उठाने नहीं दे रही । इस सरकार में जो भी जनता की आवाज उठाता है उसको गिरफ्तार या नजरबंद कर दिया जाता है। भाजपा सरकार प्रदेश में लोकतंत्र का गला घोंट रही है।
पराड़कर भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में तिवारी ने कहा कि हमारे पूर्वज अंग्रेजों से आजादी के लिए लड़ाई लड़े। अब कांग्रेस दोबारा प्रियंका गांधी के नेतृत्व में आजादी की दूसरी लड़ाई लड़ने जा रही है। वह लड़ाई गोरे अंग्रेजों के खिलाफ थी। यह लड़ाई काले कारनामे करने वाले काले अंग्रेजों के खिलाफ है। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बेबी रानी मौर्य के बयान शाम पाॅच बजे के बाद महिलाएं थाने ना जाएं का उल्लेख कर प्रमोद तिवारी ने कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मौर्य राज्यपाल और आगरा की मेयर भी रही हैं।
कानून व्यवस्था को लेकर उनका आंकलन बिल्कुल सही होगा। उनके बयान के बाद मुझे सरकार को प्रमाण पत्र देने की जरूरत नहीं है। तिवारी ने फैजाबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदलने को लेकर भी भाजपा सरकार को निशाने पर रखा। उन्होंने कहा कि नाम बदलने से विकास नहीं हो जाता। इसके लिए सरकार को काम भी करने होंगे। पूर्व सांसद ने कहा कि युवाओं में बेरोजगारी की दर बढ़ती जा रही है। मंहगाई के बहाने सत्ता में आई भाजपा सरकार के कार्यकाल में जनता 110 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल खरीद रही है। आजाद भारत के लोगों की कमाई को भाजपा सरकार ने चुनिंदा पूंजीपतियों के हाथ में बेच दिया है।
तिवारी ने कहा कि भूख के मामले में हम पाकिस्तान,बांग्लादेश और नेपाल से भी नीचे चले गए हैं। काशी के लोगों के साथ किए गए प्रधानमंत्री के सभी वादे फेल हो गये। गन्ने का उचित मूल्य यूपी में किसानों को नही मिला। किसान, नौजवान, व्यापारी, महिलाएं सहित समाज का कोई ऐसा वर्ग नहीं है जो भाजपा की प्रदेश और केंद्र की सरकार से परेशान न हो। वार्ता में पूर्व विधायक अजय राय सहित कई नेता मौजूद रहे। वार्ता के पहले प्रमोद तिवारी ने लोहटिया स्थित बड़ा गणेश मंदिर, श्री काशी विश्वनाथ, बाबा काल भैरव मंदिर में दर्शन पूजन किया। टाउनहॉल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पार्टी के प्रतिज्ञा यात्रा की शुरुआत की।
