Thursday, April 23, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयरूस का दावा: क्रीमिया पर यूक्रेन का हमला नाकाम, मार गिराए दो...

रूस का दावा: क्रीमिया पर यूक्रेन का हमला नाकाम, मार गिराए दो ड्रोन

– यूक्रेन के जापोरिज्जिया में जच्चा-बच्चा अस्पताल पर रूसी मिसाइल से हमला

मॉस्को (हि.स.)। यूक्रेन पर रूसी हमले के नौ महीने पूरे होते-होते दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ता जा रहा है। अब रूस ने क्रीमिया पर यूक्रेन के हमले को नाकाम करने का दावा किया है। कहा गया है कि यूक्रेन के दो ड्रोन रूसी सेना ने मार गिराए हैं।

यूक्रेन पर रूस की सेना ने 24 फरवरी को हमला किया था। नौ महीने बाद भी दोनों देशों के बीच युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब क्रीमिया के सेवस्तोपोल में तैनात रूसी गवर्नर मिखाइल रजवोजाहेव ने दावा किया कि यूक्रेन की तरफ से उनके क्षेत्र में दो बार ड्रोन हमला किया गया। यूक्रेन के ये ड्रोन यानी अनमैन्ड एरियल व्हीकल (यूएवी) एक थर्मल पावर स्टेशन को निशाना बनाकर भेजे गए थे। रूस की वायु सेना ने इन दोनों ड्रोन को मार गिराकर हमला नाकाम करने का दावा किया है। इस मसले पर यूक्रेन की तरफ से फिलहाल कोई बयान नहीं आया है। रूस ने हमले वाले क्षेत्र में रह रहे लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

मिखाइल रजवोजाहेव ने कहा कि यूक्रेनी नाजियों ने फिर से बालाक्लावा में थर्मल पावर स्टेशन पर हमला करने की कोशिश की है। यूक्रेन ने तीन ड्रोन से हमला किया, किन्तु रूसी सेना ने इस हमले को विफल कर दिया। दो ड्रोन मार गिराने का दावा कर उन्होंने कहा कि एक ड्रोन वापस जाने में कामयाब हो गया। उन्होंने कहा कि सेवस्तोपोल शहर अब शांत हैं, किन्तु सेना चौकन्नी है।

इस बीच यूक्रेन पर रूस का हमला भी लगातार जारी है। यूक्रेन के जापोरिज्जिया में रूसी सेनाओं ने एक अस्पताल पर मिसाइल हमला किया। इस हमले में अस्पताल तो नष्ट हुआ ही, एक नवजात शिशु की मौत भी हो गयी। जापोरिज्जिया के विलनियान्स्क स्थित जच्चा-बच्चा अस्पताल पर यह मिसाइल दागी गयी, जिससे अस्पताल जल उठा। हमले में कई लोगों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है।

संजीव मिश्र

RELATED ARTICLES

Most Popular