Monday, June 29, 2026
Homeअन्यराहुल ने लोकसभा में गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के इस्तीफे की...

राहुल ने लोकसभा में गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के इस्तीफे की मांग की

नई दिल्ली (हि.स.)। लोकसभा में बुधवार को लखीमपुर खीरी मामले को लेकर कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के इस्तीफे की मांग की। सदन में हंगामा बढ़ता देख अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

लोकसभा में सुबह 11 बजे सदन की बैठक शुरू होने पर अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू की और राहुल गांधी का नाम सवाल पूछने के लिए पुकारा। कांग्रेस नेता ने सवाल पूछने की बजाय लखीमपुर खीरी में किसानों को गाड़ी से कुचलने का मामला उठाते हुए कहा कि विशेष जांच दल की रिपोर्ट में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्र के बेटे आशीष मिश्रा पर साजिश के तहत किसानों पर गाड़ी चढ़ाने की बात कही गई है। राहुल जब इस बारे में अपनी बात रख रहे थे तो अध्यक्ष बिरला ने उन्हें कई बार टोकते हुए प्रश्न पूछने की सलाह दी। बावजूद, कांग्रेस सदस्य ने इस मामले को आगे बढ़ाते हुए गृह राज्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की।

बिरला ने उन्हें कई बार टोका किंतु राहुल ने सवाल पूछने की बजाय लखीमपुर खीरी की घटना का जिक्र किया। इस दौरान कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल के सदस्य आसन के समीप आकर मिश्रा के इस्तीफे की मांग करते हुए हंगामा और नारेबाजी करने लगे।

संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सदन में हंगामें पर कहा कि एक ओर कांग्रेस के सदस्य सवाल पूछने के लिए खड़े हैं और दूसरी और उनकी पार्टी के सदस्य हंगामा कर रहे हैं।

अध्यक्ष बिरला ने सदन में हंगामा बढ़ता देख बैठक दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

अजीत

RELATED ARTICLES

Most Popular