योगी बोले, उप्र और बिहार की जनता ने पुख्ता किया भाजपा और मोदी के प्रति विश्वास

-उप्र और बिहार के चुनाव परिणामों से भाजपा कार्यकर्ताओं में उल्लास  

-मुख्यमंत्री योगी ने उपचुनाव में जीत के लिए जनता को दिया धन्यवाद 
लखनऊ(हि.स.)।  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मंगलवार शाम को यहां कहा कि उप्र और बिहार की जनता ने एक बार फिर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में अपने विश्वास को पुख्ता किया है। उप्र विधानसभा उपचुनाव में पार्टी को जीत दिलाने के लिए उन्होंने राज्य की जनता को धन्यवाद भी दिया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश मुख्यालय पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि चुनावों के परिणाम प्रधानमंत्री मोदी के लोककल्याणकारी कार्यों और कार्यक्रमों के प्रति एक जन विश्वास बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के अलावा पार्टी संगठन के नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं ने जिस तरह से टीम वर्क किया उसी का सुखद परिणाम चुनाव के नतीजों में आया है। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में पार्टी ने देश के अंदर जो प्रदर्शन किया है इसके लिए प्रधानमंत्री का हृदय से अभिनंदन करता हूं। राष्ट्रीय अध्यक्ष का और उनकी पूरी टीम का भी अभिनंदन करता हूं । उन्होंने कहा कि बिहार के अंदर सभी कयासों को पूरी तरीके से दूर करते हुए आज के परिणाम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि चाहे वह बिहार विधानसभा का चुनाव हो या देश के अंदर विभिन्न राज्यों के उपचुनाव हो जनता ने इस बात को चरितार्थ कर दिया है कि ‘मोदी है तो मुमकिन है।’ 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को जिस तरह से आगे बढ़ाया। गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं और समाज के विभिन्न तबकों के हितों के लिए जो कार्य किया, आज उस पर जनता ने अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, उनके मार्गदर्शन और उनकी प्रेरणा को एक बार फिर स्वीकार किया है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के अंदर सरकार और संगठन जिस तरह मिलकर एक टीम भाव के साथ प्रदर्शन कर रही है, उसी की वजह से यह परिणाम देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया वैश्विक महामारी कोरोना से जूझ रही है। कोविड-19 के बावजूद प्रदेश की जनता को बचाने के लिए सरकार के स्तर पर प्रयास किए गए। वहीं संगठन स्तर पर भी ‘सेवा ही संकल्प है’ के भाव के साथ पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता ने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल और सभी पदाधिकारियों के नेतृत्व में जो कार्य किया, आज उसका परिणाम सात सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों के रूप में हमें देखने को मिल रहा है। 
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉक्टर दिनेश शर्मा सहित सभी मंत्रियों और संगठन के लोगों के कार्यों को सराहा। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी स्वयं की परवाह किए बगैर जनता को अधिक से अधिक सुविधाएं देने के लिए प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन उनकी प्रेरणा से जो सेवा के कार्य किए हैं, उसकी वजह से हमें यह जीत मिली है। 
उन्होंने कहा कि उपचुनाव में भाजपा ने 2017 के अपने परिणाम को एक बार फिर दोहराया है। वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने तमाम चुनौतियों के बावजूद जो बेहतर प्रदर्शन किया था, इस उपचुनाव के जरिए आगामी चुनाव के संकेत भी दिए हैं कि पार्टी इसी प्रकार का बेहतर प्रदर्शन जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि उपचुनाव के नतीजों पर नजर डालें तो भाजपा उम्मीदवारों ने अपने निकटमत प्रतिद्वंदी से बड़े फासले से बढ़त हासिल की है। यह आगामी चुनाव में भी देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंदर विकास, लोक कल्याण, नौजवानों के रोजगार, सुरक्षा और कानून व्यवस्था का बेहतर माहौल, निवेश की व्यापक संभावनाओं को आगे बढ़ाने के सभी कार्यक्रम युद्ध स्तर पर आगे बढ़ रहे हैं। वहीं सरकार के कार्यों को आम जन तक पहुंचाने के लिए संगठन द्वारा बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के जरिए जो कार्य किया जा रहा है, वह सरकार और संगठन की छवि को समाज के सामने प्रस्तुत कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के उपचुनाव के नतीजे उसी की परिणति है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। पत्रकार वार्ता में प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डाक्टर दिनेश शर्मा और महामंत्री संगठन सुनील बंसल समेत अन्य नेता और मंत्री भी उपस्थित रहे। 
चुनाव में पार्टी की जीत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उल्लास का माहौल है। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर सभी एक दूसरे को मिठाइयां खिलाकर जीत की बधाई दे रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पत्रकार वार्ता के बाद मुख्यमंत्री योगी को भी पार्टी के जीत की मिठाई खिलाई। 

error: Content is protected !!