Sunday, August 30, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपीएसएसएससी की पीईटी परीक्षा जल्द की जाए आयोजित, परिणाम भी शीघ्र करें...

यूपीएसएसएससी की पीईटी परीक्षा जल्द की जाए आयोजित, परिणाम भी शीघ्र करें घोषित: योगी आदित्यनाथ

-कहा, पारदर्शी-निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली के जरिए सफल अभ्यर्थियों को रोजगार होगा उपलब्ध 
-सरकार ने चार वर्ष में चार लाख युवाओं को नौकरियां कराई उपलब्ध
लखनऊ(हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) द्वारा अपनायी जाने वाली द्विस्तरीय परीक्षा प्रणाली के तहत प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) शीघ्र आयोजित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी तैयारी के साथ किया जाए। परीक्षा का परिणाम भी जल्द घोषित हो।
मुख्यमंत्री बुधवार को यहां अपने सरकारी आवास पर प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा पीईटी के सम्बन्ध में उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सभी विभागों में रिक्त पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया तेजी से सम्पन्न की जा रही है। रिक्त पदों पर भर्ती के लिए पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली के आधार पर सफल अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध होगा। इसके दृष्टिगत परीक्षा कार्यक्रम को पूरी तेजी से आगे बढ़ाते हुए पारदर्शितापूर्ण और निष्पक्ष ढंग से परीक्षा प्रक्रिया को संचालित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास और युवाओं के लिए रोजगार के लिए प्रतिबद्ध सरकार द्वारा चयन की कार्यवाहियां योग्यता के आधार पर सम्पन्न हो रही हैं। निरन्तर सुधार का प्रयास किए जाने से वर्तमान में लोक सेवा आयोग, पुलिस भर्ती बोर्ड सहित सभी चयन आयोगों की परीक्षा व भर्ती प्रक्रिया के प्रति अभ्यर्थियों का भरोसा बहाल हुआ है। 
इसके मद्देनजर भविष्य में भी परीक्षा व भर्ती कार्यक्रम को मिशन रोजगार के तहत पूरी तेजी से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि लगभग चार वर्ष के कार्यकाल में चार लाख युवाओं को नौकरियां उपलब्ध हुई हैं। युवाओं के चयन की प्रक्रिया बिना किसी भेदभाव के पूरी शुचिता, पारदर्शिता व निष्पक्षता से सम्पन्न हुई है।
उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रवीर कुमार ने मुख्यमंत्री जी को प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के सम्बन्ध में की जाने वाली तैयारियों से अवगत कराते हुए परीक्षा सम्बन्धी योजना और पाठ्यक्रम की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इस सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular