Tuesday, September 22, 2026
Homeराष्ट्रीयमेरठ में खिलाड़ियों के बीच चाकू चले, एक गंभीर रूप से घायल

मेरठ में खिलाड़ियों के बीच चाकू चले, एक गंभीर रूप से घायल

मेरठ (हि.स.)। मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में गुरुवार को खिलाड़ियों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बीच चाकू चल गए। चाकू लगने से एक खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से हमलावर की पहचान करने में जुटी है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में वेटलिफ्टर राहुल और अनुराग पटेल गुरुवार को स्टेडियम के कुश्ती हॉल में स्थित फिजियोथेरेपी सेंटर से फिजियो कराकर बाहर निकल रहे थे। इसी बीच बास्केटबॉल कोर्ट के बाहर बैठे वेटलिफ्टर ने दोनों पर कमेंट कर दिया। इसका विरोध करने पर आरोपित ने राहुल और अनुराग पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में खिलाड़ी राहुल चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी छाती और पेट में गहरे घाव हो गए़ जबकि अनुराग के हाथ में भी गहरे घाव हो गए। हमला करने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। दोनों घायल खिलाड़ियों को जसवंत राय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर राहुल की हालत गंभीर है और उसे आईसीयू में रखा गया है।

सूचना पर स्टेडियम के कोच और सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंच गई। खेल विभाग हमलावर की पहचान कराने में जुटा है तो पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की सहायता से आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस पुरानी रंजिश को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्दी ही आरोपित का पता लगा लिया जाएगा।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular