मेरठ (हि.स.)। एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों का आंदोलन उग्र होता जा रहा है। नीट काउंसिलिंग में देरी से नाराज जूनियर डॉक्टरों ने सोमवार को पर्ची काउंटर बंद कराकर ओपीडी पर ताला डाल दिया। इस कारण इलाज के लिए मरीजों को वापस लौटना पड़ा।
कई दिन से आंदोलन कर रहे मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों ने सोमवार को जमकर हंगामा और नारेबाजी की। जूनियर डाक्टरों ने पहले ओपीडी का पर्ची काउंटर बंद कराया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में पहुंचकर ताला डाल दिया। इसके बाद इलाज कराने के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचे मरीजों को वापस लौटा दिया। डॉक्टरों ने नीट काउंसिलिंग नहीं होने के विरोध में नारेबाजी की। इसके बाद प्राचार्य कार्यालय के सामने धरना दिया। प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता और अन्य वरिष्ठ डॉक्टर मौके पर पहुंचे। प्राचार्य ने बाद में ओपीडी शुरू कराई। मेडिकल कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. वीडी पांडेय ने बताया कि जूनियर डॉक्टरों के कार्य बहिष्कार के बीच मेडिकल अस्पताल में ओपीडी की जिम्मेदारी सीनियर डॉक्टर संभाल रहे हैं। ओपीडी सामान्य रूप से चल रही है।
कुलदीप
