Friday, September 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुख्य सचिव का निर्देश, त्योहारों पर बढ़ने न पाये आवश्यक वस्तुओं के...

मुख्य सचिव का निर्देश, त्योहारों पर बढ़ने न पाये आवश्यक वस्तुओं के दाम

-मूल्यों के नियंत्रण के सम्बन्ध में मुख्य सचिव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ की बैठक

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने त्योहारों के अवसर पर आवश्यक वस्तुओं के मूल्यों को नियंत्रित रखने के निर्देश दिये हैं। शनिवार को इस सम्बन्ध में उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की।

इस दौरान मुख्य सचिव ने आगामी त्योहारों में आवश्यक वस्तुओं के उचित मूल्य पर उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को सप्ताह में तीन बार आवश्यक वस्तुओं की मूल्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिये। उन्होंने वर्तमान में चना, अरहर दाल, उड़द दाल, टमाटर एवं प्याज के मूल्यों में वृद्धि के दृष्टिगत उपरोक्त वस्तुओं की बाजारों में उपलब्धता और इनमें मूल्य की वृद्धि के कारणों की समीक्षा करने के भी निर्देश दिये।

मुख्य सचिव ने कृषि एवं उद्यान विभाग तथा मण्डी परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे इन जिन्सों के व्यापारियों से मूल्य वृद्धि का कारण ज्ञात कर इनकी पर्याप्त उपलब्धता उत्पादक मण्डियों से आपूर्ति कराकर सुनिश्चित करायें।

खाद्य तेलों के मूल्यों में हुई वृद्धि के दृष्टिगत उन पर विशेष निगरानी रखने को कहा। सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि खाद्य तेलों के उत्पादक व्यापारियों से वार्ता कर प्रदेश में खाद्य तेलों की त्योहारों में पर्याप्त एवं उचित मूल्य पर उपलब्धता सुनिश्चित करायें। उन्होंने आगामी त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर दृष्टि रखने तथा उसकी चेकिंग हेतु विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिये।

बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव खाद्य एवं औषधि प्रशासन, अपर मुख्य सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद, खाद्य आयुक्त, निदेशक मण्डी परिषद, जिलाधिकारी लखनऊ सहित अन्य सम्बन्धित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular