मुख्यमंत्री योगी ने छठ पूजा की दी बधाई, कहा घर पर ही पर्व मनाने का करें प्रयास

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छठ पर्व को लेक सभी को शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व के त्योहारों की तरह इसे भी कोरोना के मद्देनजर घर पर मनाने का प्रयास करने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को कहा कि प्रकृति के प्रति वंदनीय भाव के प्रतीक,लोक आस्था के महापर्व ‘छठ पूजा’ के प्रथम व्रत ‘नहाय-खाय’ की आप सभी को शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि कोरोना अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है, कमजोर हुआ है। बचाव ही सर्वोत्तम उपाय है। पूर्व के त्योहारों की भांति छठ भी घर पर ही मनाने का प्रयास करें।
सूर्य उपासना का महापर्व छठ आज  ‘नहाय-खाय’  के साथ व्रती महिलाओं की ओर से विधान शुरू कर दिया गया। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि महिलाओं को प्रेरित किया जाए कि वे छठ पूजा घर पर ही रह कर मनाएं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि छठ पर्व लोक आस्था के साथ ही, प्रकृति के प्रति हमारी भावनाओं को उजागर करता है। पूरी सात्विकता और आत्मिक शुद्धि के साथ मनाया जाने वाला यह पर्व सामाजिक समरसता का पर्व भी है। 
उन्होंने कहा कि वर्तमान कोविड काल में पर्वों और त्योहारों के दौरान बहुत सावधानी बरतना आवश्यक है। छठ पर्व सामूहिक रूप से संपन्न किया जाता है। इसे देखते हुए जिला स्तर पर समीक्षा करते हुए संक्रमण के नियंत्रण के प्रभावी उपाय किए जाएं। पूजा के बाद पूजा स्थल की स्वच्छता बनाए रखने की ओर भी पूरा ध्यान दिया जाए। 
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी के मुताबिक छठ पूजा के अवसर पर घाटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था किए जाने के साथ ही महिलाओं को इस पर्व को घर पर रहकर मनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा घाटों के किनारे पारंपरिक स्थानों पर अर्घ्य दिए जाने के समुचित प्रबंध किए जाने के अलावा पानी के बहाव के समुचित प्रबंध किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। घाटों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

error: Content is protected !!