– युवक के पिता की तलाश में जुटी पुलिस टीम
आगरा (हि.स.)। जनपद के खंदौली में बुधवार को अधजली अवस्था में मिली युवती की लाश के मामले में पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस का दावा है कि युवक ने ही अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या की है। युवक की गिरफ्तारी के बाद उसका पिता फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं।
पुलिस के मुताबिक, जनपद के खंदौली गांव में गश्त के दौरान पुलिस ने एक युवती की अधजली लाश बरामद की थी। मृतका की पहचान पुलिस ने शांता कुंज कॉलोनी निवासी खुशबू के रूप में की थी। परिवार से यह जानकारी मिली है कि खुशबू के पिता मथुरा में डायल 112 की पीआरवी में तैनात हैं। खुशबू सोमवार को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली और देरशाम तक वापस नहीं लौटी। मोबाइल भी बंद मिलने पर घरवालों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए एत्माउद्दौला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इधर, बेटी की लाश मिलने के बाद घरवालों ने हत्या की आंशका जताई।
इस मामले में युवती के फोन की कॉल्स डिटेल के आधार पर पड़ोसी युवक आशीष को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकारते हुए बताया कि वह दोनों एक-दूसरे प्रेम करते थे। सोमवार को किसी बात को लेकर दोनों में बहस हो गई। इस दौरान खुशबू ने चाकू दिखाते हुए आशीष को मारने की धमकी दी। इसी बात से गुस्से में आकर उसने अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। पिता-पुत्र ने लाश को पहले बाथरूम में छिपाया फिर अगले दिन यानी की मंगलवार को कपड़े में लपेटकर लाश को खंदौली ले गए और वहां पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। अधजली लाश को छोड़कर दोनों फरार हो गये थे। इस हत्याकांड में मुख्य आरोपित आशीष को गिरफ्तार कर उसके पिता की तलाश में टीम को लगाया गया है।
श्रीकांत/दीपक
