Monday, September 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमां के नवम स्वरूप सिद्धिदात्री की आराधना के साथ भक्तों ने किया...

मां के नवम स्वरूप सिद्धिदात्री की आराधना के साथ भक्तों ने किया कन्या पूजन

मुरादाबाद(हि.स.)। सोमवार को दुर्गा नवमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने घरों व मंदिरों में मां दुर्गा की आराधना की और कन्या पूजन किया।

भक्तों ने आज मां के नवम स्वरूप सिद्धिदात्री जी का विधि विधान से पूजन किया। माता रानी का तिलक कर फल फूल चढ़ाए। फिर गाय से बने उपलों पर गायत्री मंत्र व दुर्गा शक्ति मंत्रों की आहुति देकर नौ दिन के नवरात्रि व्रत का संकल्प पूर्ण किया। उसके बाद श्रद्धालुओं ने अन्न से बने प्रसाद का भोग अग्नि देव व दुर्गा माता को लगाया। इसके बाद कन्या पूजन हेतु अपने घरों में कंजकों को आमंत्रित कर उनके चरण पाखरे। इसके बाद कन्याओं को रोली का तिलक लगाया। उनके हाथ में कलावा बांधा और उन्हें प्रेम सद्भाव के साथ पूरी, हलवा, चने, नारियल, फल आदि का प्रसाद परोसा। सभी कंजकों ने प्रसाद ग्रहण किया। परिवार जनों ने कन्याओं के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया और उन्हें उपहार, राशि, बर्तन, रुमाल आदि वस्तुएं देकर विदा किया।

काफी संख्या में भक्तों ने लालबाग स्थित अति प्राचीन सिद्ध पीठ श्री काली माता मंदिर व श्री नौ देवी काली माता मंदिर के साथ महानगर के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर माता रानी को प्रसाद, चुन्नी व श्रृंगार आदि चढ़ाया और मन्नत मांगी।

निमित/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular