Saturday, August 22, 2026
Homeराष्ट्रीयभाजपा ने पसमांदा मुस्लिमों में अपनी पैठ बनाने के प्रयास तेज किए,...

भाजपा ने पसमांदा मुस्लिमों में अपनी पैठ बनाने के प्रयास तेज किए, सोशल मीडिया पर भी चर्चा

– प्रधानमंत्री मोदी ने भी किया मुस्लिम ओबीसी बिरादरियों को पार्टी के करीब लाने का आह्वान

– पीएम के आह्वान को मुस्लिमों में फूट डालने की साजिश के रूप में किया जा रहा है प्रचारित

नई दिल्ली (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने पसमांदा यानी ओबीसी मुस्लिम बिरादरियों में अपनी पैठ बनाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी मुस्लिम ओबीसी बिरादरियों को पार्टी के करीब लाने का आह्वान किया है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के दो दिन पहले गुरुग्राम में हुए सम्मेलन में भी मुस्लिम ओबीसी बिरादरियों को पार्टी के करीब लाने के मुद्दे पर विचार विमर्श किया गया है।

सोशल मीडिया पर आजकल ‘पसमांदा मुस्लिम शब्द’ काफी चर्चा में है। भाजपा की तरफ से चलाई जा रही इस मुहिम पर सोशल मीडिया खासतौर से फेसबुक और ट्विटर पर काफी कुछ लिखा जा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आम मुसलमानों और खासतौर से मुस्लिम बुद्धिजीवियों, संगठनों की तरफ से चिंता व्यक्त की जा रही है कि भाजपा मुसलमानों के अपर क्लास और निचले तबके में खाई पैदा करने में लगी हुई है। ऐसे मुसलमानों का मानना है कि भाजपा ओबीसी मुस्लिम बिरादरी को संख्या और आबादी अधिक होने के बावजूद पूर्व की सरकारों में उन्हें सत्ता से दूर रखने का संदेश देना चाहती है

इसी के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार में मुस्लिम ओबीसी बिरादरी से संबंध रखने वाले दानिश आजाद अंसारी को मंत्री बनाया गया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन के पद की जिम्मेदारी मुस्लिम ओबीसी बिरादरी से ही अशफाक सैफी को सौंपी गई है। उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड के चेयरमैन के पद पर भी डॉ. इफ्तिखार जावेद को नियुक्त किया गया है जो मुस्लिम ओबीसी बिरादरी से संबंध रखते हैं।

सोशल मीडिया पर सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार मनसूर आगा का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी मुस्लिम ओबीसी बिरादरियों की कितनी हितैषी है, यह तो समय बताएगा लेकिन अभी जो सामने नजर आ रहा है, उसको देखते हुए कहा जा सकता है कि यह एक साजिश है। उन्होंने कहा कि यह मुस्लिम अपर क्लास और ओबीसी को बांटने की यह कोशिश है।

इस मुद्दे पर ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस-ए-मुशावरत के अध्यक्ष नावेद हामिद का कहना है कि यह अभी तय होना बाकी है कि सरकार और संगठन में मुस्लिम ओबीसी बिरादरियों के लोगों को क्या मिलेगा ? लेकिन भाजपा के अभियान को देखते हुए कहा जा सकता है कि पार्टी को मुसलमानों के इस बड़े वर्ग का समर्थन मिलने पर 2024 में सत्ता की राह आसान दिखाई दे रही है।

एम ओवैस

RELATED ARTICLES

Most Popular