Sunday, April 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबसपा अपना वोट भाजपा में कराती है ट्रांसफर : सपा

बसपा अपना वोट भाजपा में कराती है ट्रांसफर : सपा

– गोला सीट पर उपचुनाव में उम्मीदवार की हार पर सपा ने बसपा और चुनाव आयोग पर साधा निशाना

लखनऊ (हि.स.)। लखीमपुर की गोला गोकर्णनाथ सीट पर हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार विनय तिवारी को मिली हार के लिए पार्टी ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को जिम्मेदार ठहराया है।

सपा ने गोला उपचुनाव में हार पर लगातार चार ट्वीट कर बसपा और चुनाव आयोग पर ठीकरा फोड़ते हुए निशाना साधा है। अपने आफिशियल अकाउंट से ट्वीट कर कहा कि ‘बसपा अपना वोट भाजपा में साइलेंटली ट्रांसफर करवाती है। दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों के साथ बसपा की ये धोखेबाजी है। बसपा प्रमुख मायावती केंद्र शासित भाजपा सरकार के दबाव में हैं और बहुजन समाज पार्टी हर चुनाव में सपा को हराने का ठेका लेती है। 2014 से लेकर 2022 तक यही हुआ है।’

अगले ट्वीट कर कहा कि ‘पहले भी कई बार बसपा का भाजपा के साथ गठबंधन हो चुका है। कई मौकों पर स्वयं मायावती ने सपा को हराने के लिए भाजपा को समर्थन का खुला ऐलान किया। 2019 में सपा ने दलित, पिछड़ा को एक करने के लिए आगे बढ़कर बसपा को ज्यादा सीटें और सम्मान दिया, लेकिन अंदरूनी तौर पर बसपा ने धोखा दिया।’

समाजवादी पार्टी ने कहा कि ‘बसपा के टिकट और रणनीति भाजपा कार्यालय से निर्धारित होते हैं। दलितों-पिछड़ों और मुसलमानों को बांटकर भाजपा चुनाव जीतने की रणनीति बनाती है, जिसमें बसपा-भाजपा की सहयोगी है। बसपा ने हर बार दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों के वोटों का भाजपा से सौदा किया है और इन बिरादरियों को धोखा दिया है।’

सपा ने गोला में हुए उपचुनाव में प्रशासनिक दुरुपयोग का भी आरोप लगाया। कहा कि ‘चुनाव आयोग का धृतराष्ट्र वाला व्यवहार देखा जा रहा है। भाजपा के नेताओं द्वारा सपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न, भाजपा द्वारा अथाह पैसों का वितरण, बसपा द्वारा अपने वोटरों को भाजपा में वोट देने के लिए प्रेरित करना, उपरोक्त कारणों से सपा नहीं बल्कि गोला की जनता हारी है।’

मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular