Saturday, April 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबलिया: कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

बलिया: कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

बलिया (हि. स.)। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को भृगु क्षेत्र में आस्था का कुम्भ उमड़ पड़ा है। सोमवार की मध्यरात्रि में गंगा की महाआरती के साथ ही लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगानी शुरू कर दिया। इसी के साथ ऐतिहासिक ददरी मेले का भी शुभारंभ हो गया।

बलिया में गंगा और तमसा के संगम पर हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान के लिए लाखों लोग जुटते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही नजारा दिखा। जिला प्रशासन व हजारों लोगों की मौजूदगी में सोमवार की मध्यरात्रि के बाद शिवरामपुर घाट पर काशी से आए पंडितों के द्वारा गंगा की महाआरती की गई। इस दौरान गंगा में हजारों दीयों के छोड़े जाने से ऐसा अद्भुत दृश्य दिखा मानो आकाश गंगा उतर आयी हो। लोग गंगा में टिमटिमाते दीयों को अपलक निहारते रहे। महाआरती के साथ ही लोगों ने गंगा व तमसा के संगम समेत सभी घाटों पर डुबकी लगाने लगे।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने भी शिवरामपुर घाट पर आस्था की डुबकी लगाई। कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के लिए रोडवेज बसों, निजी साधनों व ट्रेनों से लाखों लोग सोमवार शाम से ही शहर से गंगा घाटों के लिए पैदल चलने लगे थे। महिलाएं माथे पर गठरी लिए गंगा घाटों की ओर चली जा रही थीं। पूरे शहर और घाटों को कई जोन और सेक्टर में बांटा गया है। हर जोन की जिम्मेदारी मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी की है। करीब एक हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular