Monday, September 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबंफर वोटिंग कराने वाली टीम को मिलेगा 10 हजार रुपये का ईनामः...

बंफर वोटिंग कराने वाली टीम को मिलेगा 10 हजार रुपये का ईनामः कमिश्नर

– माडल की तरह सजेंगे प्रत्येक मतदान केन्द्र

हमीरपुर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव को लेकर गुरुवार को यहां कमिश्नर दिनेश सिंह ने मतदान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक में कहा कि सर्वाधिक मतदान कराने वाली पोलिंग टीम को 10 हजार रुपये का ईनाम देने के साथ ही उसे प्रशस्त पत्र दिया जाएगा। उन्होंने हर मतदान केन्द्र को माडल की तरह सजाए जाने के निर्देश दिए है।

चित्रकूट धाम बांदा मंडल के कमिश्नर दिनेश सिंह व आईजी के साथ यहां कलेक्ट्रेट मीटिंग हाल में चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों व टीमों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मतदान का पर्व होली, दिवाली की भांति हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाए। इसके लिए हर मतदान केंद्र को मॉडल की तरह सजाया जाए। उन्होंने कहा कि रास्तों में बेहतर साफ सफाई एवं चूने का छिड़काव किया जाए।

कहा कि पहले मतदान, फिर होगा जलपान की संकल्पना को साकार करने हेतु प्रभावी प्रयास किए जाए। कहा कि सर्वाधिक मतदान कराने वाली टीम/कर्मचारियों को रुपये 10 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा तथा प्रशस्ति पत्र से भी सम्मानित किया जाएगा। मण्डलायुक्त ने कहा कि मतदान कर्मियों की टीम हेतु अच्छी व्यवस्थाएं की जाए। महिला कर्मियों के रुकने की पर्याप्त एवं सुरक्षित व्यवस्था हो। साथ ही हाइजेनिक शौचालय एवं बाथरूम एवं पेयजल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित हो। मतदान कर्मियों को रसोइया के माध्यम से भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। कोविड-19 प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाए।

पुलिस महानिरीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था/पुलिस व्यवस्था के संबंध में पुलिस अधीक्षक से जानकारी प्राप्त कर जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन पुलिस टीम पूरी तरह से सक्रिय रहे तथा प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखें। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ चंद्रभूषण, पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार दीक्षित, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रमेश चंद्र, एडीएम नमामि गंगे राजेश कुमार यादव, एडीएम न्यायिक नागेंद्र नाथ यादव, मुख्य विकास अधिकारी कमलेश कुमार वैश्य, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार एवं सभी प्रभारी अधिकारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी तथा निर्वाचन से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular