Friday, April 24, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफूलपुर इफ्को फैक्टरी कांड : माले ने सुरक्षा मानकों को लेकर चिंता...

फूलपुर इफ्को फैक्टरी कांड : माले ने सुरक्षा मानकों को लेकर चिंता प्रकट की

लखनऊ (हि.स.)। भाकपा (माले) की राज्य इकाई ने प्रयागराज के फूलपुर इफ्को खाद फैक्टरी में मंगलवार की देर रात को हुई अमोनिया गैस रिसाव से दो अधिकारियों की मौत पर शोक-संवेदना जताते हुए सुरक्षा मानकों को लेकर चिंता प्रकट की है। पार्टी ने कहा है कि फैक्टरी में जानलेवा गैस रिसाव की घटनाएं बार-बार हो रही हैं मगर सरकार को अब भी दुर्घटना के तबाही बनने का इंतजार में है।

राज्य सचिव सुधाकर यादव ने कहा कि सरकार व प्रबंधन की लापरवाही से हुए गैस रिसाव को विकराल होने से रोकने के दौरान दम घुटने से दो अधिकारी शहीद और करीब डेढ़ दर्जन कर्मचारी प्रभावित हुए। यदि रिसाव पर काबू न पाया गया होता, तो नजारा कुछ-कुछ भोपाल गैस कांड जैसा हो सकता था। सुरक्षा मानकों के कड़ाई से अनुपालन और ऐसे नाजुक मौकों पर उपयोग में लाये जाने वाले उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई होती, तो ये जानें बचाई जा सकती थीं।

माले नेता ने गैस रिसाव रोकने में जान गंवाने वाले अधिकारियों के परिवार को योगी सरकार द्वारा घोषित मुआवजा राशि (चार-चार लाख रुपये) को हास्यास्पद बताया। उन्होंने इन परिवारों को पर्याप्त मुआवजा राशि देने के अलावा इनके एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, गैस रिसाव के घायलों को भी आर्थिक सहायता देने, घटना की जवाबदेही तय कर दोषियों को कड़ी सजा देने और पुनरावृत्ति रोकने के लिए उच्च संरक्षा मानकों को अपनाने की मांग की।

इस बीच, फूलपुर (प्रयागराज) इफ्को फैक्टरी में एक्टू से सम्बद्ध ठेका मजदूर यूनियन ने बुधवार शाम को शोक सभा आयोजित की, जिसमें मजदूरों ने मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

RELATED ARTICLES

Most Popular