फिरोजाबाद(हि.स.)। सम्मेद शिखर बचाओ की मांग करते हुए जैन समाज के युवाओं ने शनिवार को मुंडन कराया। उन्होंने केंद्र व झारखंड सरकार से सम्मेद शिखर जी को पर्यटन स्थल बनाने सम्बंधी आदेश को वापस लेने व उसे तीर्थ स्थल रखने की मांग की है।
देश में चल रहे सबसे बड़े जैन तीर्थ सम्मेद शिखर बचाओ आंदोलन के तहत शनिवार को जैन समाज के युवा एकत्रित होकर श्री महावीर जिनालय सुभाष चौराहे पर पहुंचे। जहां उन्होंने सम्मेद शिखर बचाने को मांग करते हुए विरोध स्वरूप अपने सिर का मुंडन कराया।
जैन समाज के युवा राजीव जैन रागी ने कहा कि सम्मेद शिखर दिगम्बर, श्वेताम्बर का ही नहीं बल्कि पूरे जैन धर्म के सभी अनुयाईओं का पवित्र तीर्थ स्थल है। इसे गलत हाथों में नहीं जाने देंगे। सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल बनाए जाने का आदेश सरकार वापस ले।
जैन समाज के युवा राजेश जैन ने कहा कि सम्मेद शिखर एक पवित्र तीर्थ स्थान है, अतः पवित्र तीर्थ के पर्यटक स्थल का दर्जा वापस लिया जाए तथा पर्वत पर होने वाली अमान्य गतिविधिओं को तत्काल रोका जाए।
जैन श्रद्धालुओं ने कहा कि वह इससे पूर्व भी पैदल मार्च कर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री झारखंड को संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौप चुके है लेकिन सरकार ने अभी तक इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया है। जिससे जैन समाज में आक्रोश व्याप्त है।
मुंडन कराने वालो में अवनीश जैन, विपिन जैन, प्रांसु जैन, हिमांशू जैन, रविंद्र जैन, रवि जैन व राजीव जैन रागी आदि जैन समाज श्रद्धालु है।
कौशल
