Thursday, September 24, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रियंका गांधी के आने के एक दिन पहले ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री...

प्रियंका गांधी के आने के एक दिन पहले ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने डाला डेरा, कालिंजर दुर्ग में पूजा की

बांदा (हि.स.)। बुंदेलखंड के चित्रकूट जनपद में कांग्रेस की महासचिव व यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी 17 नवंबर को महिलाओं के साथ संवाद करेंगी। उनके इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल होंगे। जो प्रियंका के आने से पहले ही मंगलवार को बांदा आ गए हैं और यहां आकर अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने ऐतिहासिक कालिंजर दुर्ग से की है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दोपहर 12 बजे के बाद खजुराहो से हेलीकॉप्टर के जरिए ऐतिहासिक कालिंजर दुर्ग पहुंचे और यहां प्रसिद्ध भगवान नीलकंठेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना कर दुर्ग का भ्रमण किया। इस दौरान कालिंजर शोध संस्थान के अरविंद छिरोलिया ने मुख्यमंत्री को ऐतिहासिक कालिंजर दुर्ग के धार्मिक व ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही कालिंजर से संबंधित साहित्य भी भेंट किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने डाक बंगले में भोजन किया।

यहां भ्रमण के बाद शाम 5 बजे तक सर्किट हाउस पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन शहर के एक होटल में एक निजी कार्यक्रम में भी उनके भाग लेने की संभावना है। इसके बाद वह प्रियंका गांधी के साथ चित्रकूट के कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री के भ्रमण के बारे में स्थानीय कांग्रेस नेताओं को जानकारी नहीं दी गई है। जिससे उन्हें मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों की जानकारी नहीं है। बांदा और चित्रकूट के दौरे के बाद मुख्यमंत्री श्री बघेल वापस खजुराहो जाएंगे और खजुराहो से रायपुर छत्तीसगढ़ लौट जायेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular