Sunday, June 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रतापगढ़ में वृद्ध की मौत के बाद परिजनों ने लगाया जाम

प्रतापगढ़ में वृद्ध की मौत के बाद परिजनों ने लगाया जाम

प्रतापगढ़ (हि. स.)। प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक वृद्ध की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और सांगीपुर वाया घुइसरनाथ धाम-लालगंज मार्ग पर लाश को रखकर जाम लगा दिया।

परिजनों का आरोप है कि वृद्ध की हत्या की गई है। परिजन आर्थिक सहायता और हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे। कुछ ही देर में थानाध्यक्ष तुषारदत्त त्यागी के साथ भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची और लगभग दो घंटे जाम के बाद नायब तहसीलदार लालगंज आकांक्षा मिश्रा ने किसी तरह परिजनों को शव को पोस्टमार्टम भेजने के लिए तैयार किए। परिजनों ने हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है।

सांगीपुर थाना के क्षेत्र के चौधरी का पुरवा (शुकुलपुर) निवासी कल्लू राम वर्मा (75) सोमवार को साइकिल से सांगीपुर बाजार गए थे। शाम करीब पांच बजे गांव से करीब पांच सौ मीटर दूर ओरी नौगीर के पास सड़क किनारे वह बेहोशी की हालत में मिले थे। शरीर पर खून लगा हुआ था। साइकिल भी पास में खड़ी थी। घटना की जानकारी पर परिजन उन्हें सीएचसी सांगीपुर ले गये। वहां से गम्भीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में जिला अस्पताल ले जाते समय कल्लू की मौत हो गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular