Saturday, September 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेश पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस जनों ने दी श्रद्धांजलि,...

 पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस जनों ने दी श्रद्धांजलि, प्रतिमा का किया दुग्धाभिषेक

वाराणसी (हि.स.)। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मैदागिन चौराहे पर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा की सफाई के बाद दुग्धाभिषेक भी किया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि राजीव गांधी की कमी आज पूरा देश महसूस करता है। बहुत ही कम समय मे राजीव गांधी ने देश को तरक्की के पथ पर गतिमान कर दिया था। उन्होंने बिना भेदभाव के सबको साथ लेकर संचार एवं नौजवानों को वोट का अधिकार दिलाया। इसके लिए देश सदैव उनका आभारी रहेगा। कार्यक्रम का संयोजन महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने किया। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा आदि शामिल रहे।

इसके पूर्व, शनिवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी की जयंती की पूर्व संन्ध्या पर उन्हें याद किया। मैदागिन स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीपदान कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा की गई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य प्रो. अनिल उपाध्याय ने इस अवसर पर कहा कि कृषि प्रधान देश भारत की अर्थव्यवस्था को विकसित तकनीक से सुदृढ़ करने का श्रेय राजीव गांधी को जाता है। कार्यक्रम में डॉ. उमापति उपाध्याय, पूर्व पार्षद डॉ. जितेंद्र सेठ, पूर्व पार्षद अरुण शर्मा, महानगर कांग्रेस सेवादल के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद जायसवाल आदि शामिल रहे।

श्रीधर/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular