Tuesday, August 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपुलिस ने बाइक चोर गैंग को पकड़ बरामद किए 10 दोपहिया वाहन

पुलिस ने बाइक चोर गैंग को पकड़ बरामद किए 10 दोपहिया वाहन

क्षेत्र में हो रही थी बाइकों की लगातार चोरी

हमीरपुर (हि.स.)। राठ कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गैंग के पास से 10 बाइकें अवैध असलहा समेत चार अंतरराज्जीय चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। आरोपितों को पुलिस अधीक्षक शुभम पटेल के सामने पेश करने के बाद जेल भेजा गया।

राठ कस्बे में पिछले काफी समय से बाइक चोरी की घटनाएं हो रहीं थी। नवागंतुक कोतवाल भरत कुमार ने बाइक चोरों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। पुलिस ने उरई बस स्टैंड पर चेकिंग के दौरान जानकारी हुई कि बाइक चोर गिरोह चोरी की बाइकें लेकर अमगांव तिराहे के पास पहुंचने वाला है। कोतवाल भरत कुमार ने बताया कि चेकिंग के दौरान उरई की तरफ से एक साथ आ रही चार बाइकों को रोकने पर चोर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक चोरों को पकड़ लिया।

पुलिस ने राघवेंद्र पुत्र ओमप्रकाश निवासी सिंगार थाना गुरसराय जनपद झांसी के पास से एक अवैध अद्धी व कारतूस और एक बाइक बरामद की। इसी तरह अंशुल यादव पुत्र हरगोविन्द निवासी खिस्टोन थाना पृथ्वीपुर जिला निवाङी मप्र, गंगाचरन उर्फ गंगा पुत्र रामनारायन राजपूत निवासी बड़ा खरका थाना चिकासी, प्रदीप राजपूत उर्फ विधायक पुत्र बालकिशोर निवासी बंगरा थाना चिकासी हाल मुकाम उरई स्टैंड राठ को गिरफ्तार किया। बताया एक युवक भाग निकला जो एक बाइक छोड़ गया। कोतवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशादेही पर नवोदय विद्यालय के सामने बबूल की झाड़ियो में छिपाई गई छह बाइकें बरामद कीं। आरोपी राघवेंद्र ने बताया कि यह बाइकें चोरी की हैं, जिसमें चार कस्बा राठ के अगल-अलग स्थानों एवं दो बाइकें गुरसराय झांसी से चोरी की गई हैं।

चोरी कर मप्र में बेचते थे बाइकें

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह गाड़ियां कस्बा राठ में बारहखम्भा चौराहा, छोटी जुलेहटी, चरखारी रोड़ व बजरिया से तथा आसपास के जनपदों से चोरी की है। बताया चोरी की बाइकों को वह लोग मप्र के विभिन्न गांवों में फर्जी कागजात तैयार कर बेंच देते थे। बताया कि बाइकों से जो भी रकम मिलती थी उन्हें आपस में बांट लेते थे। कोतवाल ने बताया कि करन दादी पूर्व प्रधान का नाती सुरेंद्र राजपूत निवासी बंगरा थाना चिकासी अभी फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular