फिरोजाबाद (हि.स.)। थाना नारखी पुलिस टीम ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में अवैध तमंचा व अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर अभियुक्तों को जेल भेजा गया है।
प्रभारी निरीक्षक नारखी प्रदीप कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि नगला रामकुंवर वाले कच्चे रास्ते पर 150 मीटर चलकर खंडर पुरानी तेजाब फैक्ट्री में अवैध असलाह बनाने की फैक्ट्री चल रही है। सूचना पर उन्होंने पुलिस टीम के साथ फैक्ट्री की घेराबंदी की। इस बीच बदमाशों ने पुलिस टीम को देख फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ में दो बदमाश नसीर उर्फ नसीब बंजारा पुत्र भूरे उर्फ गोरे खां व युनुस उर्फ बबले पुत्र मदारा निवासीगण डेरा बंजारा जाटऊ थाना नारखी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने मौके से दो तमंचा 315 बोर, दो तमंचा 12 बोर, एक तमंचा 32 बोर अधबना, कारतूस व शस्त्र बनाने के अन्य उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की है।
पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तगण पर विभिन्न जनपदों में एक दर्जन से अधिक अभियोग पंजीकृत हैं। पूर्व में अभियुक्त नसीर उर्फ नसीब बंजारा के ऊपर जनपद कन्नौज से 25 हजार का इनाम था।
कौशल
