पुलिस कर्मियों को कोरोना से बचाने के लिए दिया गया गिलोय, पौधा लगाने की अपील

-सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गांवों में घुम कर एकत्र किया, ग्रामीणों में भी बांटा गिलोय और मास्क

वाराणसी। जनपद में कोरोना वायरस से संक्रमित पुलिस कर्मियों की बढ़ती संख्या देख मंगलवार को सामाजिक संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने गिलोय एकत्रीकरण एवं वितरण अभियान चलाया। प्रबोधिनी फाउंडेशन के महासचिव विनय शंकर राय ‘मुन्ना’ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राजातालाब तहसील क्षेत्र के गाँवों में गिलोय के तने एवं पौधों का एकत्रीकरण किया। इसके बाद कार्यकर्ता जन्सा थाना में पंहुचे और थानाध्यक्ष को गिलोय एवं मास्क दिया।
कार्यकर्ताओं ने थानाध्यक्ष से अनुरोध किया कि कोरोना काल में कठिन ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों की प्रतिरोधक शक्ति बढ़ाने के लिए गिलोय दिया जाय। कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर में गिलोय के पौधों को लगाने का निवेदन भी किया। थानाध्यक्ष ने भरोसा दिया कि परिसर में नीम के पेडों पर गिलोय के पौधो को निश्चित लगवायेंगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कुण्डरिया, जन्सा, सजोई, हरसोस एवं परमपुर गांव में अभियान के तहत सैकड़ों लोगों को गिलोय का तना काढ़ा बनाने के लिए बांटा। 
इस दौरान विनय शंकर राय ने बताया कि कोरोना वायरस से बचाव में गिलोय के तने की उपयोगिता सबसे ज्यादा कारगर है। अभियान में ज़िला पंचायत सदस्य योगीराज पटेल, भागवत सिंह, प्रदीप आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/उपेन्द्र/दीपक Submitted By: Shreedhar Tripathi Edited By: Upendra Nath Rai Published By: Deepak Yadav at Jul 28 2020 6:45PM

error: Content is protected !!