सुलतानपुर (हि.स.)। यूपी चुनाव के समय चुनावी मुद्दा बना पुरानी पेंशन बहाली को लेकर शिक्षकों का संगठन फिर लामबंद हो रहा है। पुरानी पेंशन बहाली सहित चार सूत्रीय मांग को लेकर ब्लॉक स्तरीय हस्ताक्षर अभियान एवं प्रदेशीय धरना प्रदर्शन ईको गार्डन लखनऊ में 15 नवंबर को तय किया गया है। जिसमे जनपद से अधिक से अधिक संख्या में अध्यापक पुरानी पेंशन बहाली के लिए आवाज बुलंद करेंगे।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक रविवार को सिरवारा रोड स्थित शिक्षक भवन पर हुई ,जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद पांडेय ने की। बैठक को संबोधित करते हुए मांडलिक मंत्री दूबेपुर अध्यक्ष शमीम अहमद ने बताया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं वित्त लेखाधिकारी कार्यालय में शिक्षक समस्यायों का अंबार लगता जा रहा हैं। जिला प्रवक्ता राहुल तिवारी ने बताया कि पूर्व में भी संगठन द्वारा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में वरिष्टता सूची, चयन वेतन मान, प्रोन्नत वेतन मान, नवनियुक्त शिक्षको के सत्यापन एवं अवशेष वेतन भुगतान आदेश आदि शिक्षक समस्यायों पर पत्र दिया जा चुका हैं अभी भी कोई कार्यवाही नहीं की गई है। जिससे जनपद के हजारों शिक्षकों में रोष है। अगर जल्द से जल्द समस्यायों का निस्तारण नहीं किया गया तो संगठन संघर्ष एवं धरना प्रदर्शन करने के बाध्य होगा।
-लेखाधिकारी कार्यालय में लम्बित है एरियर पत्रावली
बैठक का संचालन करते हुए संयुक्त मंत्री विनय प्रजापति ने कहा कि वित्त लेखाधिकारी कार्यालय में लंबित एरियर पत्रावली, जीपीएफ भुगतान जल्द से जल्द निस्तारित किया जाए, लेखा पर्ची एवं पैन संशोधन का कार्य प्राथमिकता से किया जाए।
दयाशंकर
