Tuesday, April 21, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीय पुतिन-जिनपिंग की मुलाकात में दिखीं नजदीकियां, चीन ने रूस को सौंपी शांति...

 पुतिन-जिनपिंग की मुलाकात में दिखीं नजदीकियां, चीन ने रूस को सौंपी शांति योजना

मॉस्को (हि.स.)। तीसरी बार चीन के राष्ट्रपति का दायित्व संभालने के बाद रूस के दौरे पर गए शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के बीच मुलाकात में उनकी नजदीकियां साफ दिखाई दीं। यूक्रेन पर रूस के हमले के एक साल से अधिक समय बाद हुई इस मुलाकात में चीन ने रूस को शांति योजना सौंपी है, जिसके बाद पुतिन ने उस पर चर्चा करने का वादा भी किया।

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की रूस यात्रा को यूक्रेन युद्ध के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान जिनपिंग और पुतिन के बीच के रिश्तों पर पूरी दुनिया की नजर है। पुतिन ने राष्ट्रपति भवन में जिनपिंग का गर्मजोशी से स्वागत किया। चीन ने रूस को यूक्रेन से युद्ध समाप्त करने के लिए एक शांति योजना सौंपी है। पुतिन ने कहा कि उन्होंने युद्ध समाप्त करने का रास्ता सुझाने वाली शांति योजना को अच्छी तरीके से पढ़ा है। उन्होंने कहा कि वे दोनों (पुतिन और जिनपिंग) इस शांति योजना पर चर्चा करेंगे।

जिनपिंग व पुतिन के बीच पहली अनौपचारिक मुलाकात साढ़े चार घंटे तक चली। इस दौरान जिनपिंग ने रूस को भरोसेमंद साझेदार बताया। रात्रिभोज के बाद पुतिन व्यक्तिगत रूप से जिनपिंग को उनकी गाड़ी तक छोड़ने आए। इस संबंध में सामने आए एक वीडियो में पुतिन व जिनपिंग की नजदीकियां साफ नजर आ रही हैं। जिनपिंग ने पुतिन से मुलाकात करने से पहले कहा था कि उनके रूस दौरे का मकसद युद्ध को खत्म कराना है।

संजीव मिश्र

RELATED ARTICLES

Most Popular