Monday, July 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपांचवीं बार सपा का सूपड़ा साफ करेगी जनता : भूपेंद्र सिंह

पांचवीं बार सपा का सूपड़ा साफ करेगी जनता : भूपेंद्र सिंह

-झूठ और फरेब की बुनियाद पर टिका सपा का अधिवेशन

लखनऊ(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने समाजवादी पार्टी के प्रदेश अधिवेशन पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि पूरी सपा में दूसरा कोई योग्य व्यक्ति नहीं है, पांच साल से सपा को दूसरा राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष नहीं मिल रहा है। यह परिवारवाद का सबसे बड़ा उदाहरण है। सपा का अधिवेशन झूठ और फरेब की बुनियाद पर टिका है और जनता को गुमराह नहीं कर पाएगा।

उन्होंने कहा कि जनता पांचवीं बार 2024 में सपा का सूपड़ा साफ करने जा रही है। सपा के ब्रांड एंबेसडर जंगलराज, भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और भाई-भतीजावाद हैं। प्रदेश की जनता चार बार सपा की सरकार देख चुकी है और वह भली भांति जानती है कि सपा सरकार में कोई सुरक्षित नहीं था। प्रदेश में निवेश की बात ही छोड़िए, विकास में भी भेदभाव किया जाता था। भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रदेश की बदहाली के लिए सबसे अधिक अगर कोई जिम्मेदार है, तो वह सपा ही है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में गुंडे, माफिया, अपराधियों और दंगाइयों को राजनीतिक संरक्षण के एक नहीं सैंकडों उदाहरण है। आज योगी सरकार इनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है, तो सपा को पीड़ा हो रही है।

प्रदेश में विकास की नई गंगा बह रही

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछले साढ़े पांच वर्षों में प्रदेश की छवि देश दुनिया में बदली है। उसी का नतीजा है कि विदेशी कंपनियां भी अब प्रदेश में निवेश कर रही हैं। प्रदेश में विकास की नई गंगा बह रही है। गरीबों किसानों, अल्पसंख्यकों और मजलूमों सहित समाज के सभी वर्गों के नागरिकों को बिना किसी भेदभाव के डबल इंजन की सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular